बरेली में जमीन विवाद ने ली जान, चाची ने प्रेमी संग मिलकर भतीजे को उतारा मौत के घाट,
पत्नी गोद में लेकर बिलखती रही
20 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही भतीजे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। यह पूरी घटना भतीजे की पत्नी के सामने हुई, जिसने पति को बचाने की कोशिश भी की लेकिन नाकाम रही। मामला जमीन के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक की तलाश जारी है।
झगड़े के बाद हुई थी कहासुनी
घटना बरेली के भुता थाना क्षेत्र के म्यूड़ी कला गांव की है। शनिवार शाम जमीन के निर्माण को लेकर उमाकांत की पत्नी कांती देवी और चाची अनीता के बीच कहासुनी हो गई। तभी उमाकांत वहां पहुंचा और पत्नी का पक्ष लेने लगा। इससे चाची अनीता गुस्से में कमरे में गई और वहां से चाकू लेकर आई। उसने उमाकांत पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
पत्नी ने रोते हुए पति को गोद में उठाया
जब उमाकांत पर हमला हो रहा था, उसी दौरान अनीता का प्रेमी गौरव भी वहां आया और उसने भी चाकू से हमला किया। कांती देवी ने पति को बचाने की कोशिश की लेकिन दोनों ने उसे धक्का दे दिया। घायल उमाकांत पत्नी की गोद में गिर गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पत्नी खून से लथपथ पति को गोद में लिए बैठी रोती दिख रही है।
पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार तीसरा अब भी फरार
घटना के बाद आसपास के लोग पहुंचे और उमाकांत को अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अनीता और उसके प्रेमी गौरव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि आरोपी महिला का पति चरन लाल अब भी फरार है।
संपत्ति से कर दिए गए थे बेदखल
पुलिस जांच में सामने आया है कि अनीता का व्यवहार दबंग था और उसकी गौरव से नजदीकियों को लेकर परिवार में विवाद था। मृतक के दादा लीलाधर ने इसी कारण अनीता और उसके पति को संपत्ति से बेदखल कर दिया था। इसी बात को लेकर घर में तनाव बना हुआ था।
पुलिस कर रही गहराई से जांच
सीओ संदीप कुमार ने बताया कि जमीन विवाद ही इस हत्या का मुख्य कारण है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और तीसरे की तलाश अभी जारी है। मृतक के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।