राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का शुभारंभ,
दी पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा
17 days ago
Written By: अमित पाण्डेय
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बुधवार को बाराबंकी के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित मिलिट्री बेस कैंप पहुंचीं, जहां उन्होंने त्रिवेणी वृक्षारोपण कर 'एक पेड़ मां के नाम' कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपने खास दिनों पर पेड़ लागने की अपील की।
खास मौकों पर पेड़ लगाएं
यहां कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, जिसमें नीम, पीपल और बरगद जैसे त्रिवेणी वृक्षों का रोपण किया गया। इन्हें ब्रह्मा, विष्णु और महेश के प्रतीक के रूप में माना जाता है, जिनका आध्यात्मिक महत्व भी विशेष है। राज्यपाल ने इस अवसर पर लोगों से अपील की कि वे अपने जीवन के खास मौकों जैसे जन्मदिन या शादी की सालगिरह पर पेड़ लगाकर इन्हें यादगार बनाएं। उन्होंने कहा, "ऐसे अवसरों पर आंगनबाड़ी केंद्रों या सरकारी स्कूलों में जाकर बच्चों को मिठाई बांटे और पौधे लगाएं। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण होगा, बल्कि समाज में सकारात्मक संस्कार भी जन्म लेंगे।"
बच्चों में बांटे चाकलेट
कार्यक्रम में राज्यपाल ने बच्चों और कर्मचारियों को चॉकलेट व अनुष्ठान सामग्री देकर सम्मानित भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि "आज स्थिति यह है कि बच्चों को चिड़िया दिखाने के लिए घरों में घोंसला बनाना पड़ता है। यह सोचने का विषय है। पर्यावरण बचाना दरअसल खुद को बचाना है।"
ये लोग रहे मौजूद
वहीं, राज्यपाल के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम में राज्य मंत्री सतीश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, एमएलसी अंगद सिंह, विधायक साकेंद्र वर्मा, डीएम शशांक त्रिपाठी और एसपी अर्पित विजयवर्गीय भी मौजूद रहे। वहीं माना जा रह है कि, इस वृक्षारोपण अभियान के जरिए पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने और संस्कारशील समाज निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम उठाया गया है।