छतरपुर में ढाबे की दीवार गिरने से महिला की मौत, 12 घायल,
ग्वालियर रेफर हुए 4 लोग बागेश्वर धाम दर्शन के लिए आए थे श्रद्धालु
18 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के गढ़ा गांव में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 3 बजे बड़ा हादसा हो गया। एक ढाबे की दीवार ढहने से उत्तर प्रदेश की एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए। ये सभी लोग बागेश्वर धाम में गुरु पूर्णिमा पर दर्शन के लिए पहुंचे थे और रात को ढाबे में सो रहे थे। हादसे में चार गंभीर रूप से घायल लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया है।
मलबे में दबकर महिला की मौके पर मौत
मृत महिला की पहचान अनीता देवी खरवार (40), पत्नी राजू के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अदलहाट गांव की रहने वाली थीं। उनके परिजनों ने बताया कि वे 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम में दर्शन के लिए आए थे। रात को ढाबे में सभी सो रहे थे, तभी अचानक ढाबे की दीवार भरभराकर गिर गई और मलबे में दबने से अनीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों में यूपी उत्तराखंड और बंगाल के श्रद्धालु
हादसे में घायल हुए 12 लोगों में से 9 उत्तर प्रदेश, 1 उत्तराखंड और 2 पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। इनमें से वीना देवी कश्यप, मंजू देवी कुर्मी, कौशल सैनी और सचिन कश्यप को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें ग्वालियर के गजराराजा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बाकी 7 घायलों का इलाज छतरपुर जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू मिलेगा मुआवजा
छतरपुर के अधिकारियों ने बताया कि दीवार गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को शासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। CMHO डॉ. आरपी गुप्ता ने जानकारी दी कि बाकी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।
3 जुलाई को भी हुआ था बड़ा हादसा
यह बागेश्वर धाम में इस महीने हुआ दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले 3 जुलाई को आरती के बाद टेंट गिर गया था, जिससे एक श्रद्धालु श्यामलाल कौशल की मौत हो गई थी। वे उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले थे। हादसे में 8 लोग घायल हुए थे। टेंट गिरने का कारण बारिश के चलते उसमें पानी भर जाना बताया गया था।
शास्त्री बोले फैलाई गई थी अफवाह
इस हादसे के बाद बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री ने बयान दिया था कि सोशल मीडिया पर फैलाई गई कुछ खबरें गलत थीं। उन्होंने बताया कि हादसा पुराने दरबार वाले स्थान पर हुआ था, जहां बारिश से पॉलिथीन का टेंट गिर गया था। एक व्यक्ति की मौत हुई, बाकी श्रद्धालु मामूली घायल होकर वापस धाम आ गए थे।