लालगंज में बेटी संग लड़के को देखकर पिता ने चलाई गोली,
लड़की की हुई मौत, जिंदगी से जूझ रहा युवक
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के लालगंज में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज पुलिस चौकी अंतर्गत न्यू वेलकम फैमिली रेस्टोरेंट में एक युवक और युवती को गोली मार दी गई। यह घटना करीब 1 बजे काउंटर के पास हुई। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
घायल युवक-युवती की पहचान पुलिस के अनुसार, घायल युवक 20 वर्षीय आदित्य सिंह पुत्र जीतबहादुर सिंह, निवासी मसीरपुर गांव और युवती 15 वर्षीय अक्षरा सिंह पुत्री नीरज सिंह, निवासी पकड़ी खुर्द गांव की है। घटना के बाद दोनों को लालगंज के सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी के हायर सेंटर रेफर कर दिया।
लड़की के पिता ने मारी गोली प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई कि लड़की के पिता ने ही इस वारदात को अंजाम दिया। दरअसल, उन्होंने अपनी बेटी को लड़के के साथ देखकर गुस्से में आकर दोनों पर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, गोली लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की।
लड़की की मौत, लड़के का इलाज जारी एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया। जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया। वहीं लड़का गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। रेस्टोरेंट पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच से घटना के सभी पहलुओं का पता लगाया जाएगा।