अयोध्या में 8 साल बाद जमीन के सर्किल रेट में भारी वृद्धि,
जानिए क्या है नए रेट
1 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: अयोध्या में 8 साल बाद जमीन के सर्किल रेट में बढ़ोतरी की गई है। अब रजिस्ट्री पुराने दरों पर नहीं, बल्कि नए बढ़े हुए रेट पर की जाएगी। यह फैसला प्रशासन द्वारा विस्तृत सर्वे और लोगों की आपत्तियों को सुनने के बाद लिया गया है। सोमवार से जिले में नई सर्किल दरों के अनुसार जमीन की रजिस्ट्री शुरू कर दी गई है। जमीन के उपयोग और लोकेशन के अनुसार सर्किल रेट में 10 से 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। इससे प्रशासन को लगभग 35% ज्यादा राजस्व मिलने की संभावना है।
रिकाबगंज बना अयोध्या का सबसे महंगा इलाका
रिकाबगंज अयोध्या की सबसे महंगी लोकेशन बनकर सामने आई है, जहां अब सर्किल रेट 27,900 रुपए प्रति वर्ग मीटर तय किया गया है। वहीं राम मंदिर से करीब 5 किलोमीटर दूर माझा तिहुरा का सर्किल रेट 1,700 रुपए से बढ़कर 5,100 रुपए प्रति वर्ग मीटर कर दिया गया है। इसी तरह माझा बरेटा, जो राम मंदिर से डेढ़ किलोमीटर दूर है, वहां पहले 5,100 रुपए का सर्किल रेट था, अब इसे 7,200 रुपए प्रति वर्ग मीटर कर दिया गया है। दर्शन नगर कुशवाहा में सर्किल रेट 3,900 से बढ़कर 4,900 रुपए प्रति वर्ग मीटर हुआ है। सराय राशि माझा और रामपुर हलवारा, दोनों क्षेत्रों में सर्किल रेट 1,700 से बढ़ाकर 3,800 रुपए कर दिया गया है।
आपत्तियों को विचार कर दी गई मंजूरी
जिला मजिस्ट्रेट निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि अगस्त 2023 में बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया था, जिस पर आपत्तियां आई थीं। सभी बिंदुओं पर विचार के बाद इसे मंजूरी दी गई। सहायक महानिरीक्षक निबंधन वाईपी सिंह के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में 200 से 300 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव आया था, लेकिन सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए औसत 35% वृद्धि की गई है। वर्ष 2017 के बाद अब जाकर सर्किल रेट में यह बदलाव हुआ है।
क्या होता है सर्किल रेट
बता दें कि सर्किल रेट किसी इलाके की जमीन का वह न्यूनतम मूल्य होता है, जिस पर प्रशासन रजिस्ट्री की अनुमति देता है। इससे कम कीमत पर रजिस्ट्री नहीं हो सकती, चाहे बाजार भाव कुछ भी हो।