अमरोहा में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुआ भीषण धमाका, 5 महिलाओं की मौत,
12 गंभीर रूप से घायल, 300 मीटर तक फैला मलबा
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: अमरोहा जिले से सोमवार को एक बेहद दर्दनाक और डराने वाली घटना सामने आई है। अतरासी गांव के पास जंगल में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में सुबह तेज धमाका हो गया। धमाका इतना भयंकर था कि फैक्ट्री की पूरी इमारत और टीनशेड मलबे में तब्दील हो गए। इस हादसे में अब तक 5 महिलाओं की मौत हो चुकी है और 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
धमाके के बाद मलबे में दबे मजदूर
मिली जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में सुबह करीब 30 मजदूर जिनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल थे। सभी वहां उस समय काम कर रहे थे। इसी दौरान एक मजदूर का बच्चा, जो वहां मौजूद था उसने गलती से पटाखा जला दिया। इसके बाद आग तेजी से फैली और वहां रखे बारूद और पटाखों ने एक के बाद एक धमाके शुरू कर दिए। करीब 15 मिनट तक लगातार धमाके होते रहे। धमाके से मलबा 300 मीटर तक फैल गया। कई मजदूर मलबे में दब गए। उनकी चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे से मजदूरों को निकालने का काम देर तक चलता रहा।
बिना लाइसेंस चल रही थी पटाखा फैक्ट्री
जांच में सामने आया है कि यह फैक्ट्री अवैध रूप से बिना किसी वैध लाइसेंस या सुरक्षा इंतजाम के चलाई जा रही थी। प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और फैक्ट्री संचालक की तलाश की जा रही है। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने बताया कि यह फैक्ट्री लंबे समय से अवैध रूप से चल रही थी और प्रशासन को इसकी जानकारी होने के बावजूद कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया।
1 मई को भी हुआ था धमाका
गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। 1 मई को भी इसी जिले के भावली गांव में ऐसी ही अवैध फैक्ट्री में धमाका हुआ था, जिसमें एक बच्चा घायल हुआ था। अब सवाल उठता है कि आखिर कब तक इस तरह की लापरवाहियां जानलेवा बनती रहेंगी। प्रशासन ने फिलहाल जांच के आदेश दे दिए हैं।