क्या बदल जाएगा यूपी के इस जिले का नाम ?
मुख्यमंत्री तक पहुंचा नाम बदलने का प्रस्ताव
1 months ago
Written By: STATE DESK
उत्तर प्रदेश में शहरों और स्थानों के नाम बदलने की परंपरा एक बार फिर चर्चा में है। हालांकि इस बार सुर्खियों में अलीगढ़ है, जिसका नाम बदलकर ‘हरिगढ़’ रखने की कवायत तेज हो गई है। अलीगढ़ की जिला पंचायत अध्यक्ष विजय श्यौराज सिंह ने हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इस संबंध में एक प्रस्ताव सौंपा है। उन्होंने खुद बताया कि, मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि का प्रमाण
वहीं मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष विजय श्यौराज सिंह का कहना है कि अलीगढ़ शहर का प्राचीन नाम पहले हरिगढ़ और रामगढ़ रहा है। शहर में स्थित हरिदास मंदिर, जिसे अब खेरेश्वर नाम से जाना जाता है, इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का प्रमाण है। उन्होंने तर्क दिया कि नाम परिवर्तन से न सिर्फ हमारी संस्कृति और सभ्यता को बल मिलेगा, बल्कि अलीगढ़ की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को भी एक नई दिशा मिलेगी।
2021 में भी उठ चुका है मुद्दा
वहीं, विजय श्यौराज सिंह ने बताया कि 2021 में एक बैठक हुई थी, जिसमें सांसद, विधायक, एमएलसी और जिला पंचायत सदस्य शामिल हुए थे। इस बैठक में सर्वसम्मति से अलीगढ़ का नाम 'हरिगढ़' करने का प्रस्ताव पारित किया गया था। अब दोबारा इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
महापौर का भी समर्थन
वहीं अब अलीगढ़ के महापौर प्रशांत सिंघल ने भी इस नाम परिवर्तन का समर्थन करते हुए कहा है कि, उन्होंने एक साल पहले ही मुख्यमंत्री को यह प्रस्ताव भेजा था। उनका मानना है कि यह मांग जनता की ओर से आई है और मुख्यमंत्री जरूर इस पर विचार करेंगे।
नाम बदलने की परंपरा में एक और अध्याय?
आपको बताते चलें कि, उत्तर प्रदेश में पहले भी इलाहाबाद को प्रयागराज, फैजाबाद को अयोध्या और मुगलसराय को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के रूप में परिवर्तित किया जा चुका है। अब अलीगढ़ के 'हरिगढ़' बनने की संभावना को लेकर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा गर्म है।