बुर्का पहनने पर लड़की से सरेराह की बदसलूकी,
बदमाशों ने कहा – "बुर्का उतारो"
21 days ago
Written By: संदीप शुक्ला
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां दिनदहाड़े एक युवती को उसके पहनावे को लेकर सरेआम टारगेट किया गया। जानकारी के मुताबिक, एक लड़का और लड़की बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अन्य वाहन से आए कुछ लड़कों ने लड़की को बुर्का पहनने पर आपत्ति जताते हुए शर्मनाक तरीके से कहा, "बुर्का उतारो, बुर्का पहन कर नहीं चल सकती"। जिसके बाद इस घटना का विडिओ सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
दिनदहाड़े सड़क पर गुंडागर्दी
मिली जानकारी के मुताबिकक्ष, यह घटना लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र स्थित IIM रोड, गोमती नदी किनारे की है, जहां वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गुंडों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि भीड़ के बीच भी वे लड़की से बदतमीजी करने में नहीं झिझकते। लड़की के साथ मौजूद युवक को धमकी देते हुए एक लड़का यहां तक कहता है, "अभी चले जाओ, मेरा मूड अच्छा है"। ऐसे में सवाल उठता है कि, आखिर इन्हें ऐसा करने की हिम्मत कहां से मिल रही है? सार्वजनिक स्थान पर, दिन के उजाले में, इतने लोगों के सामने एक लड़की से उसका बुर्का उतरवाने की कोशिश की जाती है और कोई उन्हें रोक नहीं पाता।
वायरल वीडियो बना जांच का विषय
वहीं इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन जिस तरह से मामला सामने आया है, वह कानून व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े करता है।
क्या महिलाएं वाकई सुरक्षित हैं?
एक तरफ सरकार महिला सुरक्षा को लेकर दावे करती है, तो दूसरी ओर राजधानी लखनऊ में इस तरह की घटनाएं इन दावों की पोल खोल देती हैं। यह घटना न सिर्फ धार्मिक स्वतंत्रता का हनन है, बल्कि महिला अस्मिता पर भी सीधा हमला है।
अब सख्त कार्रवाई की जरूरत
समाज में इस तरह के गुंडों के हौसले तभी पस्त होंगे जब इनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। अब देखना होगा कि लखनऊ पुलिस इस वायरल वीडियो पर क्या संज्ञान लेती है और दोषियों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।