राजनीति की पिच पर सुपरहिट CM योगी ने हॉकी के मैदान में किया धमाका,
टर्फ पर लगाया जोरदार शॉट
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
UP Politics: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खेलों में भी अपने जोश और सक्रियता का परिचय दे रहे हैं। शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर सीएम योगी ने लखनऊ के गोमतीनगर स्थित पद्मश्री मोहम्मद शाहिद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को नमन किया और खिलाड़ियों से मुलाकात की। सीएम योगी ने सहायक खेल प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे और राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले 88 खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।
हॉकी की स्टिक थामकर दिखाया हुनर
इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने खुद हॉकी की स्टिक थामकर मैदान में हाथ आजमाया और एक जोरदार शॉट लगाया। उनके इस अंदाज ने खिलाड़ियों में उत्साह और प्रेरणा भर दी। सीएम ने खिलाड़ियों से कहा कि खेल सिर्फ शारीरिक तंदुरुस्ती का साधन नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और टीम भावना को बढ़ावा देने का भी जरिया हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और ओलंपियन पैदा हुए हैं, जो राज्य और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के खेल दिग्गजों को किया नमन
सीएम योगी ने मेजर ध्यानचंद, केडी सिंह बाबू, मोहम्मद शाहिद, रविंद्र पाल, सैय्यद अली, डॉ. आरपी सिंह, सुजीत कुमार, रजनीश मिश्रा, मोहम्मद शकील, देवेश चौहान और एमपी सिंह जैसे यूपी के दिग्गज खिलाड़ियों को याद किया। उन्होंने बताया कि इन खिलाड़ियों ने खेल के माध्यम से प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।
भविष्य के लिए खेलों में सुविधाओं का आश्वासन
सीएम योगी ने पेरिस ओलंपिक में हॉकी खिलाड़ियों ललित उपाध्याय और राजकुमार पाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने अन्य खेलों में भी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार जिम, खेल मैदान और बेहतर सुविधाओं के विकास में लगातार काम कर रही है और भविष्य में भी खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग मिलेगा।