उत्तर प्रदेश में 5000 सरकारी स्कूलों की बंदी के फैसले पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन,
अजय राय के नेतृत्व में उठी आवाज
23 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 5000 प्राइमरी और जूनियर विद्यालयों को बंद करने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को पूरे प्रदेश में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारियों को सौंपा। पार्टी का आरोप है कि यह फैसला सीधे तौर पर गरीब और ग्रामीण बच्चों के शिक्षा के अधिकार को कुचलने वाला है।
बेगम हजरत महल पार्क से शुरू हुआ विरोध
राजधानी लखनऊ में विरोध का नेतृत्व अजय राय ने किया। प्रदर्शन बेगम हजरत महल पार्क से शुरू हुआ, जहां बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता जुटे। अजय राय ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा का गला घोंट रही है। बच्चों को स्कूल से दूर करना उनके भविष्य को अंधेरे में धकेलने जैसा है। इसके बाद कार्यकर्ता शहादत अली मकबरे से होते हुए कलेक्ट्रेट की ओर कूच कर गए।
अजय राय बोले- विधानसभा सत्र तक चलेगा स्कूल बचाओ आंदोलन
कांग्रेस ने साफ किया है कि यह विरोध केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है। पार्टी आगामी विधानसभा सत्र तक इस आंदोलन को धार देने की रणनीति बना चुकी है। ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक संगठन को सक्रिय कर दिया गया है और हर स्तर पर सरकार के इस फैसले का विरोध किया जा रहा है। पार्टी प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने बताया कि राज्य में शिक्षा का अधिकार कानून पहले ही कमजोर पड़ रहा है। अब स्कूल बंद करना गरीब तबके के बच्चों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। हम सरकार को मजबूर करेंगे कि वह यह निर्णय वापस ले।
स्कूल बंदी के खिलाफ डीएम को सौंपा कांग्रेस ने ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर राज्यपाल से अपील की कि वे हस्तक्षेप कर स्कूलों को बंद करने का आदेश रद्द कराएं। पार्टी का कहना है कि अगर सरकार नहीं मानी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।