'औरों की इज्जत को धूल समझ बैठे..', इकरा हसन का छलका दर्द,
गरमाया ADM से विवाद का मामला
9 days ago
Written By: NEWS DESK
उत्तर प्रदेश के कैराना से सपा सांसद इकरा हसन और सहारनपुर ADM (ई) के बीच विवाद लगातार सुर्खियों में है। सांसद ने प्रशासनिक अधिकारी पर महिला जनप्रतिनिधियों से अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने कहा है कि, “जो कुर्सी से ताक़त का नशा कर बैठे, औरों की इज़्ज़त को धूल समझ बैठे… वो भूल गए हैं ये हिंदुस्तान है, यहां नारी नहीं, खुद संविधान है।” यह मामला केवल व्यवहार या सम्मान का नहीं, बल्कि लोकतंत्र में प्रतिनिधियों की गरिमा और महिलाओं के साथ संवाद की मर्यादा से जुड़ा बन गया है।
क्या है पूरा मामला ?
सांसद इकरा हसन के मुताबिक, 1 जुलाई को छुटमलपुर की महिला चेयरपर्सन, जो किसी प्रशासनिक समस्या से परेशान थीं, ADM ई से मिलना चाहती थीं। सांसद उस समय वहीं पास थीं, इसलिए वे मदद के लिए खुद ADM के पास गईं। शुरुआत में बताया गया कि ADM लंच पर हैं। जब वे 3:30 बजे कार्यालय पहुंचे, तो सांसद ने महिला की समस्या उनके सामने रखी। ADM ने लिखित शिकायत देने की बात कहकर सीधे समाधान से इनकार कर दिया। इसके बाद जब महिला चेयरपर्सन से ADM ई ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया, तो इकरा हसन ने आपत्ति जताई। बावजूद इसके, अधिकारी के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
सांसद ने दर्ज कराई लिखित शिकायत
इकरा हसन ने इस पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। उनका कहना है कि ऐसे अधिकारियों को दोबारा संवेदनशीलता और संवाद की ट्रेनिंग दी जानी चाहिए, खासतौर से महिला प्रतिनिधियों से बातचीत के मामले में।
अखिलेश यादव भी उतरे मैदान में
वहीं इस मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा है कि, "जो सांसद का सम्मान नहीं करते, वो जनता का क्या करेंगे? "सांसद इकरा हसन ने इस पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए व्यवस्था के अहंकार पर करारा तंज भी कसा।
राजनीतिक तकरार भी तेज
वहीं सपा ने इस घटना को प्रशासन की मनमानी और महिला अपमान से जोड़ते हुए योगी सरकार को घेरा है। पार्टी ने साफ कहा है कि, यदि महिला सांसद को यह सब झेलना पड़ रहा है, तो आम महिलाओं की स्थिति क्या होगी?