सपा सांसद अवधेश प्रसाद का हमला,
बिजली संकट, कानून व्यवस्था और संविधान को लेकर भाजपा पर निशाना
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता कर केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बिजली संकट, खराब कानून व्यवस्था, बढ़ती महंगाई और संविधान को कमजोर करने की कथित साजिश जैसे कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार न तो लोकतंत्र में विश्वास रखती है और न ही बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान की इज्जत करती है।
बिजली कटौती से किसान और आम जनता त्रस्त
अवधेश प्रसाद ने प्रदेश में जारी बिजली संकट को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में जब लोगों को राहत की सबसे ज्यादा जरूरत है, तब सरकार उन्हें अंधेरे और गर्मी में तड़पने पर मजबूर कर रही है। गांवों और शहरों में घंटों बिजली गुल रहती है। किसानों की धान की नर्सरी तैयार है, लेकिन बिजली और पानी की कमी के कारण वे रोपाई नहीं कर पा रहे हैं। इससे किसान परेशान और लाचार हैं।
भाजपा और आरएसएस कर रहे संविधान से छेड़छाड़
इसके साथ ही उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हत्याएं, बलात्कार और डकैती जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं। अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि महिलाएं असुरक्षित हैं, बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। बता दें कि सबसे गंभीर आरोप उन्होंने संविधान से छेड़छाड़ को लेकर लगाया। सांसद ने कहा कि भाजपा और आरएसएस मिलकर संविधान के कुछ हिस्सों को हटाना चाहते हैं ताकि देश को मनुवादी व्यवस्था की ओर ले जाया जा सके। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएगी, चाहे इसके लिए जान ही क्यों न देनी पड़े।
भाजपा पर लगाया जातिवादी राजनीति का आरोप
प्रेस वार्ता में उन्होंने इटावा की घटना का जिक्र करते हुए भाजपा पर जातिवादी राजनीति करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है और उनके घरों पर बुलडोजर चलवाया जा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि भाजपा के झूठे नारों से सावधान रहें और संविधान व लोकतंत्र को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी का साथ दें।