सत्ता के बिना तड़प रहे अखिलेश यादव,
पीडीए पर बोले साक्षी महाराज – परिवारवाद की राजनीति का हुआ अंत
1 months ago
Written By: NEWS DESK
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के हालिया सियासी बयानों पर करारा पलटवार किया है। साक्षी महाराज ने कहा कि पहले केंद्र और राज्य दोनों जगह परिवारवाद की सरकारें चलती थीं, लेकिन अब देश की राजनीति ने करवट ली है। उन्होंने अखिलेश यादव की तुलना "बिना पानी की मछली" से करते हुए कहा कि सत्ता से बाहर रहना उन्हें असहनीय हो रहा है।
हम 140 करोड़ जनता के लिए काम कर रहे हैं
साक्षी महाराज ने कहा है कि, अब देश की राजनीति में वह दौर चला गया जब सत्ता पर कुछ परिवारों का एकाधिकार होता था। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ खड़ी है। “मोदी में वो ताकत है जिसने परिवारवाद की राजनीति को खत्म कर दिया है,” उन्होंने कहा। साक्षी महाराज ने यह भी कहा कि बीजेपी की सरकार की चर्चा आज हर स्तर पर हो रही है – “चाहे टोंटी की बात हो या अयोध्या की,” सरकार की हर पहल चर्चा में है। उन्होंने कहा कि जब जनता कहेगी कि हमारी नीतियों में कोई गलती है, तभी हम उस पर आत्ममंथन करेंगे।
अखिलेश यादव के बयान पर सियासी गर्मी
हाल ही में साक्षी महाराज ने एक बयान में कहा था कि, बीजेपी में उमा भारती और कल्याण सिंह के बाद लोधी समाज को वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। इसी बयान पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) का सियासी ऑफर देते हुए कहा था कि साक्षी महाराज के बयान केवल बीजेपी के लिए चुनौती नहीं बल्कि भविष्य का उद्घोष हैं। अखिलेश यादव ने यह भी कहा था कि साक्षी महाराज का समाज अपने मान-सम्मान के प्रति जागरूक है और वो समय आने पर फैसला करेगा।
राजनीति में 'पीडीए' की गूंज और जवाबी हमला
साक्षी महाराज ने अखिलेश के पीडीए मॉडल पर चुटकी लेते हुए इसे परिवारवाद का नया संस्करण बताया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग सत्ता के बिना बेचैन हैं, वही अब ऐसे गठबंधन और फार्मूलों का सहारा ले रहे हैं।