राहुल गांधी के दावे फेल, चुनाव आयोग ने किया खुलासा,
लखनऊ और वाराणसी की वोटर लिस्ट में नहीं मिले ये दो नाम
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हाल ही में एक प्रेस कांफ्रेंस में मतदाता सूची में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया था। इस दौरान उन्होंने कई राज्यों के साथ उत्तर प्रदेश का भी जिक्र किया। राहुल गांधी ने दावा किया कि लखनऊ और वाराणसी की वोटर लिस्ट में दो ऐसे नाम दर्ज हैं, जो दूसरे राज्यों की विधानसभा क्षेत्रों में भी मौजूद हैं। लेकिन जांच में यह दावा गलत साबित हुआ। चुनाव आयोग और जिला निर्वाचन अधिकारियों ने साफ किया कि यूपी में इन दोनों मतदाताओं का नाम नहीं मिला।
प्रेस कांफ्रेंस में किया यूपी का जिक्र
गुरुवार को राहुल गांधी ने दि फाउंडेशन ऑफ कान्स्टीट्यूशन इज द वोट, वोट हैज बीन डिस्ट्रॉयड विषय पर प्रेस कांफ्रेंस की। इसमें उन्होंने कहा कि आदित्य श्रीवास्तव (इपिक नंबर FPP 6437040) और विशाल सिंह (इपिक नंबर INB 2722288) नाम के मतदाताओं के नाम यूपी के साथ-साथ दूसरे राज्यों की वोटर लिस्ट में भी दर्ज हैं। राहुल गांधी के अनुसार, ये आंकड़े उन्होंने 16 मार्च 2024 को भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से लिए थे।
राहुल गांधी के अनुसार कहां-कहां दर्ज थे नाम
राहुल गांधी ने दिखाया कि आदित्य श्रीवास्तव का नाम चार जगह दर्ज है मुंबई सब अर्बन की विधानसभा 158 जोगेश्वरी पूर्व, बेंगलुरु अर्बन की विधानसभा 174 महादेवपुरा में दो बूथों पर और लखनऊ पूर्व विधानसभा के बूथ संख्या 84 पर। वहीं, विशाल सिंह का नाम बेंगलुरु महादेवपुरा विधानसभा के दो बूथों पर और वाराणसी कैंट विधानसभा के एक बूथ पर दर्ज बताया।
जांच में सामने आया सच
जब इन नामों को निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर सर्च किया गया, तो आदित्य श्रीवास्तव का नाम केवल बेंगलुरु महादेवपुरा विधानसभा के बूथ संख्या 458 पर मिला। इसी तरह विशाल सिंह का नाम केवल बेंगलुरु महादेवपुरा के बूथ संख्या 513 पर दर्ज पाया गया। लखनऊ ईस्ट और वाराणसी कैंट विधानसभा में दोनों के नाम नहीं मिले।