UP Politics: मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का राहुल गांधी पर हमला,
बोले- "मां बीमार हैं, बेटा विदेश में मौज मस्ती में व्यस्त"
1 months ago
Written By: NEWS DESK
लखनऊ: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की मुलाकात को लेकर उठे सियासी विवाद के बीच यूपी की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार पर सवाल उठाए जाने पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पलटवार करते हुए राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।
"LOP का पद नहीं संभल रहा, विदेश का मुद्दा आते ही उछलने लगते हैं"
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि, कांग्रेस हर अंतरराष्ट्रीय मुद्दे को सियासी रंग देने की कोशिश करती है। उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि, "राहुल गांधी से नेता प्रतिपक्ष (LOP) का पद भी संभाला नहीं जा रहा और विदेश का नाम आते ही कांग्रेस नेता उछलने लगते हैं।" उन्होंने आगे कहा कि सिर्फ नरेंद्र मोदी जैसे मजबूत और दूरदर्शी नेता ही अमेरिका जैसे शक्तिशाली देश के राष्ट्रपति के प्रस्ताव को ठुकराने का साहस रखते हैं।
"राहुल गांधी देश के टुकड़े करने वालों के साथ"
राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर भी मंत्री ने बेहद तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा है कि, "जब उनकी माता सोनिया गांधी जी बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं, ऐसे में राहुल गांधी विदेशी पर्यटन में व्यस्त हैं। वे जॉर्ज सोरोस के बेटे की शादी और मौज मस्ती में लगे हुए हैं, जो भारत को टुकड़ों में बांटने की साजिश रचता रहा है।"
सोशल मीडिया पर भी निशाना
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से भी राहुल गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने लिखा है कि, "ज्ञात हुआ कि श्रीमती सोनिया गांधी अस्वस्थ हैं। प्रार्थना है कि वह शीघ्र स्वस्थ हों। परंतु उनके पुत्र श्री राहुल गांधी जॉर्ज सोरोस के बेटे की शादी और विदेशी पर्यटन में व्यस्त हैं। यह भारतीय संस्कृति और संस्कार नहीं है। प्रभु इन्हें सद्बुद्धि दें।"
"राहुल को विदेश में ही शिफ्ट हो जाना चाहिए"
मंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी को देश की राजनीति छोड़कर विदेश में ही स्थायी रूप से "शिफ्ट" हो जाना चाहिए, क्योंकि उनका ध्यान यहां की राजनीति में नहीं, बल्कि विदेश भ्रमण में ज्यादा रहता है।