राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन आज: अखिलेश यादव ने दी समावेशी राजनीति के लिए शुभकामनाएं,
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी छाया तनाव
1 months ago
Written By: NEWS DESK
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ-साथ सहयोगी दलों ने उन्हें बधाइयां दी हैं। उत्तर प्रदेश में INDIA गठबंधन के अहम साथी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी राहुल गांधी को विशेष अंदाज़ में शुभकामनाएं दी हैं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर दी बधाई
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा है कि, "श्री राहुल गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व सौहार्दपूर्ण, समावेशी, समायोजनकारी समग्र सामाजिक-राजनीतिक सक्रियता के लिए शुभकामनाएँ!" वहीं इस संदेश से साफ हो रहा है कि, अखिलेश यादव राहुल गांधी के साथ अपने गठबंधन को आगे बढ़ाने की मंशा रखते हैं और उनके साथ राजनीतिक तालमेल को मजबूती देना चाहते हैं।
सपा-कांग्रेस गठबंधन में दिख रहा है तनाव
हालांकि, उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन बना हुआ है, लेकिन हाल के दिनों में इस रिश्ते में तनाव के संकेत भी देखने को मिले हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा को "बड़ा भाई" मानने से इनकार किया और गठबंधन को लेकर सवाल उठाए। इससे आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कयासों का बाजार गर्म है। हालांकि, समाजवादी पार्टी का कहना है कि गठबंधन पर फैसला इमरान मसूद नहीं ले सकते, इसलिए उनकी बातों को तवज्जो नहीं दी जानी चाहिए।
2024 लोकसभा में दिखी थी एकता की ताकत
आपको बताते चलें कि, साल 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा और INDIA गठबंधन ने उत्तर प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन किया था। इस दौरान जहां समाजवादी पार्टी राज्य में सबसे बड़ा दल बनकर उभरी, तो वहीं कांग्रेस ने भी छह सीटों पर जीत दर्ज की, जो कि 2019 में मिली सिर्फ रायबरेली सीट की तुलना में काफी बेहतर प्रदर्शन था।