2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी, मायावती करेंगी लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन,
9 अक्टूबर को बसपा का बड़ा आयोजन
1 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Mayawati: राजधानी लखनऊ स्थित बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रदेश कार्यालय में रविवार को राज्य स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश के सभी जिलाध्यक्ष, मंडल कोऑर्डिनेटर, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और पूर्व एमएलसी शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने की। लगभग 1 घंटा 15 मिनट चली इस बैठक में उन्होंने सभी पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
कांशीराम पुण्यतिथि पर बड़ा कार्यक्रम
बैठक में मायावती ने 9 अक्टूबर 2025 को होने वाली कांशीराम पुण्यतिथि पर विशेष जोर दिया। इस दिन बसपा के संस्थापक मान्यवर कांशीराम का निधन हुआ था। इस बार पुण्यतिथि का कार्यक्रम सिर्फ जिला या मंडल स्तर पर नहीं, बल्कि राजधानी लखनऊ में बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा। मायावती खुद इस मौके पर उपस्थित रहेंगी।
कार्यकर्ताओं में उत्साह और लक्ष्य
यूपी के बसपा विधायक उमाशंकर सिंह ने बताया कि मायावती ने कार्यकर्ताओं को इस कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया है। यह शक्ति प्रदर्शन पंचायत चुनाव पर फोकस और 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी संदेश देने का प्रयास माना जा रहा है।
राजनीतिक साख और घर वापसी
इस कार्यक्रम के जरिए मायावती अपनी राजनीतिक साख मजबूत करने की कोशिश करेंगी। बैठक में आकाश आनंद नजर नहीं आए, लेकिन उनके ससुर डॉ. अशोक सिद्धार्थ की वापसी से पार्टी से निकाले गए पुराने नेताओं को वापस बुलाने की रणनीति पर जोर दिया गया। इसका मकसद बसपा को 2027 के चुनावों के लिए मजबूत बनाना और कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ाना है।
सियासी संदेश का असर
कांशीराम स्मारक में आयोजित इस कार्यक्रम से न केवल बसपा की सियासी साख को मजबूती मिलेगी, बल्कि यह पंचायत और विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों का संकेत भी देगा। कार्यकर्ताओं के उत्साह और घर वापसी की रणनीति से बसपा अपनी छवि को और मजबूत करने की कोशिश कर रही है।