सपा में बगावत की आहट? कौन हैं महाराजी प्रजापति,
जिनके कदमों से बढ़ी अखिलेश यादव की टेंशन
7 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Maharaji Prajapati: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में समाजवादी पार्टी की विधायक महाराजी प्रजापति एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में अमेठी विधानसभा क्षेत्र में लगाए गए यात्री वेटिंग टिन-शेड से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की तस्वीरें अचानक हटा दी गईं, जबकि विधायक महाराजी प्रजापति की तस्वीर अब भी वहीं पर लगी हुई है। इस कदम ने इलाके में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है और सियासी गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
वेटिंग शेड पर लगी थीं तीनों नेताओं की तस्वीरें
कुछ महीने पहले आम जनता की सुविधा के लिए अमेठी क्षेत्र में कई यात्री वेटिंग टिन-शेड बनाए गए थे। इन शेड्स पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेताओं की तस्वीरें लगाई गई थीं जिनमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति और उनकी पत्नी, वर्तमान विधायक महाराजी प्रजापति की तस्वीरें शामिल थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन शेड्स से अचानक अखिलेश यादव और गायत्री प्रजापति की तस्वीरें हटवा दी गईं। प्रेमचंद अग्रहरि नाम के एक स्थानीय निवासी ने बताया कि एक मैजिक वाहन आया और उसने लोगों को बताया कि विधायक के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य बदलाव नहीं है बल्कि इसके पीछे कोई रणनीति हो सकती है।
2027 के चुनाव से पहले नई रणनीति?
इस घटनाक्रम के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या महाराजी प्रजापति समाजवादी पार्टी से किनारा करने की तैयारी कर रही हैं? या यह सिर्फ अंदरूनी सियासी रणनीति का हिस्सा है? राजनीतिक विश्लेषक इसे पार्टी के भीतर बदलाव और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनज़र नया समीकरण बनाने की कोशिश मान रहे हैं।
पार्टी में भी बढ़ी हलचल सीनियर नेता चुप
इस मामले पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की चुप्पी भी कई सवाल खड़े कर रही है। अमेठी में सपा की पकड़ हमेशा से मजबूत रही है, लेकिन ऐसे फैसले और बदलाव आने वाले समय में पार्टी के लिए नई चुनौतियां पैदा कर सकते हैं।