लखनऊ में CM योगी के जनता दरबार में हंगामा, रिटायर्ड फौजी बोला- जहर खा लिया है,
BJP विधायक पर करोड़ों की वसूली का आरोप
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में गुरुवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना घटी। गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के 65 वर्षीय रिटायर्ड फौजी सतबीर गुर्जर ने वहां मौजूद लोगों के सामने अचानक बताया कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया है। यह सुनते ही जनता दरबार में अफरा-तफरी मच गई और अधिकारी तुरंत हरकत में आ गए। सतबीर को तुरंत नजदीकी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना से जनता दरबार में मौजूद लोग दहशत में आ गए और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे।
शिकायत लेकर पहुंचे थे जनता दरबार
सूत्रों के अनुसार, सतबीर गुर्जर सुबह-सुबह अपनी समस्या लेकर मुख्यमंत्री के जनता दरबार में पहुंचे थे। उन्होंने अधिकारियों और मौजूद लोगों से कहा कि वे काफी समय से अपनी शिकायतों को लेकर परेशान चल रहे हैं। इसी निराशा में उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। जैसे ही उन्होंने यह बात कही, मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत उन्हें चिकित्सा सहायता दिलाने की व्यवस्था की और मेडिकल कॉलेज रेफर किया।
विधायक पर लगाए गंभीर आरोप
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सतबीर गुर्जर ने लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विधायक से उन्हें जान का खतरा है। इतना ही नहीं, उन्होंने विधायक पर करोड़ों की वसूली का भी आरोप लगाया। सतबीर ने कहा कि लगातार उत्पीड़न और धमकियों से परेशान होकर ही उन्होंने इतना बड़ा कदम उठाया। इस बयान उन्होंने न केवल जनता दरबार में हड़कंप मचा दिया, बल्कि राजनीतिक हलकों में भी हलचल पैदा कर दी है।
सुरक्षा और व्यवस्था पर उठे सवाल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में एक रिटायर्ड फौजी द्वारा जहरीला पदार्थ खा लेने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कैसे कोई व्यक्ति जहरीला पदार्थ लेकर जनता दरबार तक पहुंच गया। हालांकि, अधिकारियों ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और कहा है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी। वहीं सतबीर के बयान और उनके आरोपों की भी विस्तृत पड़ताल होगी।