इटावा कथावाचक विवाद पर बोले साक्षी महाराज,
ये रोहिंग्या या आतंकवादी जो छुपाई पहचान
1 months ago
Written By: NEWS DESK
उत्तर प्रदेश के इटावा कथावाचक विवाद पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। अब इस मामले में उन्नाव से बीजेपी सांसद साक्षी महाराज का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने विपक्षी दलों खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है और इटावा के कथावाचक कांड को जातिवादी एजेंडे से जोड़ा है। उन्होंने काथावाचक पर सवाल भी उठाए हैं।
साक्षी महाराज का समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला
मीडिया से बातचीत में साक्षी महाराज ने कहा है कि, "सपा के दिमाग में जातिवाद का ज़हर भरा है। ये लोग समाज को भ्रमित कर रहे हैं।" उन्होंने कथावाचक मुकुट मणि यादव पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके पास दो आधार कार्ड हैं, जिनमे से एक में ब्राह्मण, एक में यादव। साक्षी बोले, "आख़िर ये कौन है? रोहिंग्या है या आतंकवादी? जो छुप-छुपकर पहचान बदलकर रह रहा है? अगर यादव बनकर कथा करता तो कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन ब्राह्मण बनकर लोगों को धोखा देना घोर अपराध है।"
पौराणिक संदर्भ भी जोड़ा
साक्षी महाराज ने अपने बयान में राम-रावण के प्रसंग का भी ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि,, "रावण ब्राह्मण था, राम ठाकुर थे। फिर भी राम ने रावण का वध किया क्योंकि उसने सीता माता का अपहरण किया था। देश में पूजा गुणों की होती है, जाति की नहीं।"
राहुल गांधी पर भी हमला – "पप्पू की राजनीति"
साक्षी महाराज यहीं नहीं रुके। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 'पप्पू' करार देते हुए कहा कि, "70 साल तक कांग्रेस ने देश को बर्बाद किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने 11 साल में देश को विकास की नई ऊंचाई दी।" उन्होंने राहुल गांधी के पूर्वजों पर भी तीखा हमला करते हुए कहा, "राहुल गांधी के दादा-दादी देश के दुश्मन थे। इन्होंने ही देश का विभाजन कराया और हिंदू-मुस्लिम भेद की नींव रखी।"
क्या है इटावा कथावाचक विवाद?
21 जून 2025 को इटावा के दांदरपुर गांव में भागवत कथा के दौरान कथावाचक मुकुट मणि यादव और संत सिंह यादव पर ग्रामीणों ने जाति छिपाकर ब्राह्मण बनकर कथा करने का आरोप लगाया। इसके बाद कथावाचकों के साथ मारपीट और कथित चोटी काटने व अपमान की घटना हुई। यजमान रेनू तिवारी ने मुकुट मणि यादव पर छेड़खानी का आरोप भी लगाया। मामला तूल पकड़ने पर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया और कथावाचकों पर फर्जी दस्तावेज और धोखाधड़ी की धाराओं में FIR दर्ज की गई।