सीएम योगी ने गोंडा पहुंचकर राजा आनंद सिंह को दी श्रद्धांजलि,
शोक संतप्त परिवार से की मुलाकात
15 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
CM Yogi Adityanath: गोंडा जिले के मनकापुर कोट में शुक्रवार को एक भावुक क्षण तब देखने को मिला जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्व कैबिनेट मंत्री और मनकापुर स्टेट के राजा आनंद सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे। सीएम योगी ने केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया के आवास पर पहुंचकर दिवंगत राजा आनंद सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनकी यह यात्रा करीब 40 मिनट की रही, जिसमें उन्होंने राजा भैया और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं जताईं।
शोक संवेदना में शामिल हुए कई जनप्रतिनिधि
सीएम योगी के साथ इस अवसर पर गोंडा जिले और आसपास के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें गोंडा जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडे, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, करनैलगंज विधायक अजय कुमार सिंह, कटरा बाजार विधायक बावन सिंह, मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री और उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा शामिल रहे। इन सभी ने राजा साहब की स्मृति में अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
यूपी का टाइगर कहे जाते थे राजा आनंद सिंह
राजा आनंद सिंह गोंडा लोकसभा सीट से कई बार सांसद रह चुके थे। वह कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे। उनकी राजनीतिक साख इतनी मजबूत थी कि उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने यूपी का टाइगर कहा था। स्थानीय लोग और उनके समर्थक उन्हें हमेशा राजा साहब के नाम से जानते थे।
टिकट से लेकर सरकार तक में थी निर्णायक भूमिका
कांग्रेस सरकार में उनकी सियासी पकड़ इतनी मजबूत थी कि वे 11 ब्लैंक सिंबल लेकर चलते थे। माना जाता था कि उस दौर में विधायकों के टिकट उन्हीं की सिफारिश पर मिलते थे। उनके कहने पर कई नेता सांसद, विधायक, ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष बने। राजा साहब का राजनीतिक कद न केवल गोंडा बल्कि पूरे प्रदेश में महसूस किया जाता था।