आपातकाल के 50 साल: सीएम योगी आदित्यनाथ का कांग्रेस पर तीखा हमला,
कहा- संविधान का गला घोंटा गया, कांग्रेस मांगे माफ़ी
1 months ago
Written By: NEWS DESK
आपातकाल की 50वीं बरसी पर लखनऊ में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 25 जून, 1975 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला दिन है, जिस दिन कांग्रेस ने देश के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का गला घोंट दिया।
कांग्रेस को देश से मांगनी चाहिए माफी: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा और मजबूत संविधान है, जिसे बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और अन्य संविधान निर्माताओं ने देश के लिए गहन सोच-विचार के बाद तैयार किया था। लेकिन 1975 में कांग्रेस ने सत्ता बचाने के लिए इसी संविधान को कुचल डाला। सीएम योगी ने आगे कहा कांग्रेस को अपने कृत्यों को लेकर देश से माफी मांगनी चाहिए, गरीबो वंचितों से माफी मांगनी चाहिए।
सपा-राजद पर भी किया तीखा हमला
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, “जो कभी आपातकाल के खिलाफ संघर्ष करते थे, आज वो सत्ता की भूख में उसी कांग्रेस की गोद में बैठे हैं।” उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव और लालू प्रसाद यादव जैसे नेताओं ने उस समय इमरजेंसी का विरोध किया, लेकिन आज उनकी पार्टियां कांग्रेस के साथ खड़ी हैं। यह दोहरा चरित्र है।
लोकतंत्र सेनानियों के लिए कैशलेस इलाज योजना
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले वीरों के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति है।
इंदिरा गांधी पर सीधा हमला
योगी आदित्यनाथ ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि, “उन्होंने अपनी कुर्सी बचाने के लिए संविधान को चकनाचूर कर दिया।” उन्होंने कहा कि 1975 के बाद 1984 में सिख दंगों, फिर राहुल गांधी द्वारा संसद में विधेयक की प्रति फाड़ने जैसी घटनाएं कांग्रेस के असली चेहरे को उजागर करती हैं।
धारा 370 और मीडिया का गला घोंटना कांग्रेस की देन
सीएम योगी ने कहा कि धारा 370 लागू करने, मीडिया की आजादी पर रोक और संविधान विरोधी फैसलों का इतिहास कांग्रेस से जुड़ा है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत की संस्कृति ने सभी को साथ लेकर चलने की परंपरा दी है, लेकिन कांग्रेस ने केवल परिवारवाद को बढ़ावा दिया।
भारत का लोकतंत्र विश्व में मिसाल
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “भारत पहला देश है, जिसने लोकतंत्र के तहत महिला और पुरुष को समान अधिकार दिए। जबकि अमेरिका और इंग्लैंड जैसे देशों में महिलाओं को मतदान का अधिकार बहुत बाद में मिला।” उन्होंने कहा कि एक सामान्य नागरिक भारत का प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति बन सकता है, यही लोकतंत्र की शक्ति है।