लखनऊ में बसपा की राज्य स्तरीय बैठक, कांशीराम पुण्यतिथि पर होगा भव्य आयोजन,
मायावती करेंगी राजनीतिक शक्ति का प्रदर्शन
2 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Mayawati : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज बहुजन समाज पार्टी (BSP) का राज्य स्तरीय बैठक आयोजित किया गया। बैठक में राज्य के सभी जिलाध्यक्ष, मंडल कोऑर्डिनेटर, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और पूर्व एमएलसी मौजूद रहे। इस बैठक की अध्यक्षता खुद पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने की। यह बैठक करीब 1 घंटा 15 मिनट चली, जिसमें मायावती ने सभी पदाधिकारियों को पार्टी की नीतियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कांशीराम पुण्यतिथि पर विशेष ध्यान
बैठक में 9 अक्टूबर 2025 को पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया। इस दिन का कार्यक्रम अब राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाएगा, जबकि पिछले वर्षों में इसे केवल जिला और मंडल स्तर पर आयोजित किया जाता था। मायावती खुद इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी। राजधानी लखनऊ के मान्यवर कांशीराम स्मारक में यह आयोजन होगा और पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हों। यह कार्यक्रम मायावती की राजनीतिक साख मजबूत करने के साथ-साथ 2027 के विधानसभा और पंचायत चुनाव के संकेत देने का अवसर भी होगा।
पार्टी संगठन को मजबूत करने की रणनीति
बैठक में आकाश आनंद की अनुपस्थिति रही, जबकि उनके ससुर डॉ. अशोक सिद्धार्थ की उपस्थित रहने की संभावना थी। माना जा रहा है कि पुण्यतिथि पर पूरा परिवार मौजूद रहेगा। बैठक में डॉ. अशोक सिद्धार्थ की वापसी के बाद पार्टी से निकाले गए नेताओं को वापस बुलाने की रणनीति पर चर्चा हुई। यह साफ संकेत है कि BSP 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए संगठन को मजबूत करना चाहती है और पुराने कार्यकर्ताओं को जोड़कर पार्टी की शक्ति और जोश बढ़ाना चाहती है।
भविष्य की रणनीति और संदेश
इस बैठक के माध्यम से BSP न केवल संगठनात्मक मजबूती पर जोर दे रही है, बल्कि पार्टी की सियासी ताकत और जनता के बीच संदेश देने का भी प्रयास कर रही है। 9 अक्टूबर को होने वाला कार्यक्रम इसकी महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है।