डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कांवड़ यात्रा और कानून व्यवस्था को लेकर दिया बड़ा बयान,
अखिलेश यादव पर बोला हमला
18 days ago
Written By: NEWS DESK
गोंडा जनपद के मनकापुर में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को दिवंगत पूर्व कैबिनेट मंत्री कुंवर आनंद सिंह की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने न केवल कांवड़ यात्रा को लेकर सरकार की तैयारी पर जोर दिया, बल्कि समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला भी किया।
कांवड़ यात्रा को लेकर क्या बोले ब्रजेश पाठक?
डिप्टी सीएम ने स्पष्ट कहा कि, सनातन धर्म को मानने वाले किसी भी व्यक्ति को कांवड़ यात्रा के दौरान कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि, "हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं, लेकिन सनातन धर्म के श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। सरकार पूरी तरह से सतर्क है और धार्मिक आयोजनों को सकुशल संपन्न कराने की जिम्मेदारी हमारी है।"
अखिलेश यादव पर लगाया गंभीर आरोप
ब्रजेश पाठक ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधते हुए कहा है कि, "सपा शासन में अराजकता, लूट, गुंडई और चौथ वसूली चरम पर थी। सपा के लोग दुकानों और मकानों पर कब्जा करते थे।" उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर हुई है, प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है, और औद्योगिकीकरण के चलते राज्य विकास के रास्ते पर है।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक
दरअसल गोंडा मंडल के दौरे पर आए डिप्टी सीएम ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक भी की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।