तेजस्वी यादव की पत्नी को जर्सी गाय कह गए पूर्व RJD विधायक,
बयान पर मचा घमासान
1 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Bihar Election: चुनावी मौसम आते ही नेताओं के बिगड़े बोल सुर्खियां बनने लगते हैं। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भी यही हो रहा है। इस बार आरजेडी के पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव ने एक बेहद विवादित बयान देकर नया बवाल खड़ा कर दिया है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव की तुलना जर्सी गाय से कर दी। इस बयान ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है और विपक्षी ही नहीं बल्कि राजद के कार्यकर्ताओं में भी भारी नाराजगी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
कथित वीडियो में राजबल्लभ यादव कहते नजर आ रहे हैं कि तेजस्वी यादव यादव समाज से वोट मांगते हैं, लेकिन अपनी पत्नी के लिए उसी समाज की लड़की को योग्य नहीं समझा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद तेजस्वी जर्सी नस्ल की गाय ढूंढ रहे थे। हालांकि, समाचार एजेंसी पीटीआई ने इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है। इसके बावजूद यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने इस बयान की कड़ी आलोचना की।
राजद कार्यकर्ताओं का गुस्सा
राजबल्लभ यादव के इस बयान के खिलाफ आरजेडी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कई जगहों पर उनका पुतला फूंका गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह टिप्पणी न केवल तेजस्वी यादव बल्कि पूरे समाज और खासकर महिलाओं का अपमान है। उनका कहना है कि राजश्री यादव, जो सादगी और मर्यादा के लिए जानी जाती हैं, उन्हें बेवजह राजनीति में घसीटना बेहद गलत है।
विवादों से पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब राजबल्लभ यादव किसी विवाद में फंसे हों। हाल ही में पॉक्सो के एक मामले में पटना हाईकोर्ट से बरी होने के बाद वह जेल से बाहर आए थे। इसके अलावा, पिछले लोकसभा चुनाव में उनके भाई को टिकट न मिलने से उनकी पार्टी के साथ दूरी बढ़ गई थी। इसी कारण से वह अक्सर चर्चा में रहते हैं।
भाजपा से नजदीकी की अटकलें
राजबल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी नवादा से राजद की मौजूदा विधायक हैं। लेकिन हाल ही में जब वह गया में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में नजर आईं, तो राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई कि यादव परिवार की नजदीकी भाजपा से बढ़ रही है। अब उनके इस विवादित बयान ने इन अटकलों को और भी हवा दे दी है