अब अल्लाह भरोसे आजम खान ?
तंजीम के आरोपों के बाद अखिलेश ने दी सफाई
1 months ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मिलने के लिए उनकी पत्नी तंजीम फातिमा अपने बेटों के साथ सीतापुर जेल पहुंचीं। मुलाकात के बाद तंजीम फातिमा का जो बयान सामने आया, उसने उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें किसी से कोई उम्मीद नहीं है, सिर्फ अल्लाह से उम्मीद है। जिसके बाद अब सपा मुखिया खिलेश यादव ने भी उनके बयान पर मुहर लगा दी है।
“सिर्फ अल्लाह से उम्मीद है”: तंजीम फातिमा
दरअसल सीतापुर जेल में बंद पति से मुलाकात के बाद तंजीम फातिमा ने बेहद भावुक बयान देते हुए कहा, “अब किसी से कोई उम्मीद नहीं बची, बस अल्लाह ही सहारा है।” उनका यह बयान साफ तौर पर संकेत दे रहा था कि वे पार्टी नेतृत्व से नाराज हैं और आजम खान की मदद के लिए उन्हें कहीं से कोई राजनीतिक सहारा नजर नहीं आ रहा।
अखिलेश यादव ने दी सफाई
वहीं, तंजीम फातिमा के इस बयान के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा, “अब हम और क्या कर सकते हैं? हमने आजम खान की हर संभव मदद करने की कोशिश की। अब उनकी मदद अल्लाह, ईश्वर और अदालत ही कर सकते हैं – यही सच्चाई है।”
मदद के तीन रास्ते बताए अखिलेश ने
इस दौरान, अखिलेश यादव ने आजम खान को न्याय दिलाने के तीन संभावित रास्ते भी गिनाए:
-
सरकार बदलना – “जब तक सरकार नहीं बदलेगी, तब तक उन्हें न्याय मिलना मुश्किल है। आप सब मिलकर सत्ता परिवर्तन की कोशिश करें।”
-
अदालत से न्याय – “कोर्ट ही उन्हें कानूनी रास्ते से राहत दे सकती है।”
-
ऊपर वाले का सहारा – “अंत में, अल्लाह या भगवान पर ही सबकुछ निर्भर करता है।”
सियासी पारा चढ़ा
दरअसल आजम खान लंबे समय से कानूनी मामलों और सियासी हाशिए पर चल रहे हैं। उनके समर्थकों और परिवार का आरोप रहा है कि, उन्हें राजनीतिक द्वेष का शिकार बनाया जा रहा है। अब जब उनकी पत्नी ने खुलकर नाराजगी जाहिर की है और पार्टी प्रमुख ने भी सीमाओं का हवाला दिया है, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि सपा के भीतर यह मुद्दा क्या रुख लेता है।