विवादित पोस्टर से जन्मदिन की शुभकामनाएं,
भाजपा नेता ने लगाए विवादित पोस्टर
25 days ago
Written By: संदीप शुक्ला
लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर उस वक्त सियासी माहौल गर्मा गया, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता ने उन्हें व्यंग्यात्मक अंदाज़ में शुभकामनाएं देते हुए एक विवादित पोस्टर लगा दिया।
पोस्टर से कसा तंज
यह पोस्टर लखनऊ के विभिन्न इलाकों में देखा गया, जिसमें भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री अमित त्रिपाठी का नाम भी साफ तौर पर लिखा है। पोस्टर में अखिलेश यादव पर जमकर तंज कसा गया है और लिखा है, “दलितों से लाभ लेने वाले, ब्राह्मणों के नाम पर वोट लेने वाले, पिछड़ों को सिर्फ वोट बैंक समझने वाले, गुंडे और बदमाशों की फौज के लीडर, माफियाओं का हर सुख-दुख में साथ देने वाले, उत्तर प्रदेश को आपराधिक प्रदेश में तब्दील करने वाले नेता श्री अखिलेश यादव जी को जन्म दिवस की ढेरों शुभकामनाएं।”
प्रभु राम से प्रर्थना
इतना ही नहीं, पोस्टर के अंत में प्रभु श्रीराम से यह प्रार्थना की गई कि “प्रदेश की रक्षा और महिलाओं की सुरक्षा के लिए आपकी कभी सत्ता में वापसी न हो।” इस पोस्टर के लगते ही सियासी हलकों में हलचल मच गई है। जहां समाजवादी पार्टी समर्थक इसे राजनीतिक द्वेष बता रहे हैं, वहीं भाजपा के युवा नेता इसे जनता की आवाज़ करार दे रहे हैं। हालांकि, अभी तक समाजवादी पार्टी की ओर से इस विवादित पोस्टर पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह प्रकरण यूपी की राजनीति में व्यक्तिगत हमलों और कटाक्षों के बढ़ते चलन को दर्शाता है, जो आगामी चुनावी मौसम में और तेज़ होने की संभावना है।