अखिलेश यादव का 52वां जन्मदिन आज, सीएम योगी और राजभर ने दी बधाई,
विपक्ष से भी मिली शुभकामनाएं
25 days ago
Written By: NEWS DESK
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उन्हें राजनीतिक जगत की कई बड़ी हस्तियों, सहयोगियों और समर्थकों की ओर से शुभकामनाएं मिल रही हैं। जहां विपक्ष के नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी, वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं दीं। अखिलेश यादव ने इस पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए उनका धन्यवाद किया।
सीएम योगी ने क्या कहा ?
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर शुभकामना संदेश देते हुए लिखा कि, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।" जिसके बाद अखिलेश यादव ने इस पर रिप्लाई करते हुए लिखा कि, "आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।" वहीं, इस विनम्र संवाद को सोशल मीडिया पर खासा सकारात्मक रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिसे लोग लोकतांत्रिक मर्यादा का उदाहरण बता रहे हैं।
ओपी राजभर ने भी दी शुभकामनाएं
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने एक्स (Twitter) पर लिखा कि, "समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूँ।"
जानिए अखिलेश यादव के बारे में
आपको बताते चलें कि, अखिलेश यादव का जन्म 1 जुलाई 1973 को उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद के सैफई कस्बे में हुआ था। वे समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र हैं। उन्होंने विदेश से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद भारतीय राजनीति में कदम रखा और साल 1999 में डिंपल यादव से विवाह किया। जिसके बाद वे वर्ष 2012 में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली, और वे प्रदेश के अब तक के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने। फिलहाल वे लोकसभा में कन्नौज क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और प्रदेश की राजनीति में प्रमुख विपक्षी नेता की भूमिका निभा रहे हैं।