अखिलेश यादव का बीजेपी पर तीखा हमला,
कहा– हम PM बनाना चाहते थे, नीतीश को CM भी नहीं बनाएगी भाजपा
19 days ago
Written By: NEWS DESK
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सियासी हमला बोला है। सोमवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा गठबंधन को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।
"नीतीश को फिर सीएम नहीं बनाएगी बीजेपी"
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सिर्फ चुनावी फायदे के लिए नीतीश कुमार के नाम और चेहरे का इस्तेमाल कर रही है, लेकिन उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, "हमने तो कभी उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की बात की थी, लेकिन अब देखिए… वह मुख्यमंत्री पद से ही रिटायर कर दिए जाएंगे। भाजपा उन्हें जबरन रिटायर करेगी।"
सत्य ही सनातन है
इस दौरान सपा प्रमुख ने भाजपा की विचारधारा पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, "सत्य का मार्ग ही धर्म का मार्ग है, वही सच्चा सनातन मार्ग है। जो लोग अन्याय करते हैं, भेदभाव फैलाते हैं और बच्चों को राजनीति में घसीटते हैं, वे खुद को सनातनी नहीं कह सकते।"
सीएम योगी पर भी परोक्ष हमला
अखिलेश ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी सीधा नाम न लेते हुए हमला बोला। उन्होंने कहा, "आज की राजनीति में सिर्फ भगवा वस्त्र पहनने से कोई बाबा या योगी नहीं बन जाता। असली पहचान विचार और आचरण से होती है।"
2027 के चुनाव को बताया निर्णायक
सपा प्रमुख ने दावा किया कि भाजपा मूल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है, लेकिन लोग अब जागरूक हो चुके हैं। उन्होंने कहा, "वे बुनियादी समस्याओं पर चर्चा नहीं करना चाहते। लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता 2027 का चुनाव ऐसा बनाएगी, जैसा आपने पहले कभी नहीं देखा होगा।" अखिलेश यादव के इन बयानों से साफ है कि सपा ने अब 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं और भाजपा पर सीधी वैचारिक चुनौती देने की रणनीति पर काम कर रही है।