अखिलेश यादव से गले मिलकर कान में क्या बोले गिरिराज सिंह !
मेल-मिलाप से जन्मीं भूमिहार राजनैतिक चर्चा
3 days ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
राजनीति में न दोस्ती स्थायी होती है और न दुश्मनी, मंगलवार को संसद भवन में इसका दिलचस्प उदाहरण देखने को मिला। विपक्ष के मुखर नेता और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह अचानक गले मिलते नजर आए। संसद परिसर में यह नज़ारा जिसने भी देखा, हैरान रह गया। राजनीतिक विरोधियों के बीच इस आत्मीयता ने सबका ध्यान खींचा और सोशल मीडिया पर यह वीडियो जमकर वायरल हो गया।
प्रदर्शन के बाद हुआ ‘गले मिलन’
दरअसल मंगलवार को अखिलेश यादव विपक्ष के अन्य सांसदों के साथ संसद के मकर ध्वज पर 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)' को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के बाद जब वे लौटे, उसी वक्त गिरिराज सिंह मीडिया को विपक्ष के खिलाफ बयान दे रहे थे। अचानक, गिरिराज सिंह आगे बढ़े और अखिलेश को गले लगा लिया। दोनों के बीच कुछ हल्की-फुल्की बातचीत भी हुई और माहौल हंसी-ठिठोली में बदल गया।
‘भूमिहार’ कनेक्शन बना पुल
वीडियो में यह भी दिखा कि अखिलेश यादव गिरिराज सिंह के कान में कुछ कह रहे हैं। बातचीत में "बिहार से हैं", "हम भी भूमिहार हैं", जैसे शब्द सुनाई दिए। सपा प्रमुख ने इस दौरान अपने सांसद राजीव राय को गिरिराज सिंह से मिलवाया, जो घोसी से सांसद हैं और भूमिहार समाज से आते हैं। यह भूमिहार सामाजिक पहचान दोनों नेताओं के बीच एक अनकहा पुल बनती नजर आई। गिरिराज सिंह स्वयं बिहार के बेगूसराय से सांसद हैं और एक ऐसा इलाका जिसे भूमिहार बहुल क्षेत्र माना जाता है। राजनीति में जातिगत समीकरणों की अहमियत को देखते हुए यह छोटा सा संवाद गहरी सामाजिक-सियासी परतें लिए हुए नजर आता है।
मुंबई जाने की बात पर माहौल हल्का
इस मुलाकात में एक और दिलचस्प मोड़ तब आया जब गिरिराज सिंह ने अखिलेश यादव से मजाक में पूछा, "क्या आप मुंबई चलेंगे?" इस पर दोनों नेताओं के बीच ठहाका गूंजा। हालांकि, यह टिप्पणी हल्की-फुल्की लगी, पर इसके पीछे महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों के खिलाफ हालिया राजनीतिक माहौल की छाया भी नजर आती है।