कौन हैं व्योमिका सिंह? जिनके बुलंदियों पर पहुंचने की वजह बनी एक खास 'चीज',
जानें उनके जीवन से जुड़ी अहम बातें
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Wing Commander Vyomika Singh: भारतीय वायुसेना की अधिकारी विंग कमांडर व्योमिका सिंह हाल ही में 'ऑपरेशन सिंदूर' की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुईं। इस मंच पर वह नारी शक्ति की प्रतीक बनकर सामने आईं। उनके नाम का अर्थ है आकाश की बेटी और उन्होंने अपने जीवन से यह साबित कर दिखाया है। उन्होंने बताया कि कैसे उनका नाम ही उनके करियर का रास्ता बना। व्योमिका सिंह का जीवन और सफर बहुत प्रेरणादायक है। उन्होंने मुश्किलों को पार कर भारतीय वायुसेना में ऊंचा मुकाम हासिल किया है।
बचपन में ही तय किया सपना
व्योमिका सिंह ने 2023 की एक चर्चा में बताया था कि उन्हें अपने नाम का मतलब स्कूल में पता चला। वह उस समय कक्षा 6 में थीं। जब शिक्षक ने नामों का अर्थ पूछा तो एक लड़की ने कहा व्योमिका मतलब आकाश की स्वामी। उसी दिन से उन्होंने तय किया कि वह पायलट बनेंगी।
2004 में एयरफोर्स में शामिल
18 दिसंबर 2004 को उन्हें वायुसेना में कमीशन मिला। वह 21वें शॉर्ट सर्विस कमीशन बैच की सदस्य थीं। उन्होंने कठिन ट्रेनिंग के बाद वायुसेना में सेवाएं शुरू कीं।
2017 में बनीं विंग कमांडर
लगातार मेहनत के बाद 2017 में उन्हें विंग कमांडर का पद मिला। 2019 में उन्हें फ्लाइंग ब्रांच में स्थायी कमीशन मिला। यह किसी भी पायलट के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होती है।
दुर्गम इलाकों में किया काम
2020 में उन्होंने अरुणाचल प्रदेश में एक रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व किया। वहां उन्होंने कठिन हालात में उड़ान भरकर लोगों की जान बचाई। 2021 में उन्होंने माउंट मणिरंग (21,650 फीट ऊंचा) पर चढ़ाई में भाग लिया। उनके पास 2,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है। वह चेतक और चीता जैसे हेलिकॉप्टर उड़ाने में माहिर हैं।
परिवार की पहली महिला ऑफिसर
व्योमिका सिंह अपने परिवार की पहली महिला सदस्य हैं जो एयरफोर्स में शामिल हुईं। पिछले 21 वर्षों से वह देश सेवा कर रही हैं। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है। वे सच में आकाश की बेटी हैं।