29 मिनट तक पानी में बिना सांस लिए पड़ा रहा शख्स, डॉल्फिन और सील को भी छोड़ा पीछे,
बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: आपने कभी सोचा है कि इंसान कितनी देर तक सांस रोक सकता है? आम तौर पर कोई 30 सेकेंड, एक्सरसाइज करने वाले लोग 1 मिनट और बहुत कोशिश करने पर शायद 2 मिनट तक। लेकिन क्रोएशिया के फ्रीडाइवर विटोमिर मारीचिच ने ऐसा कारनामा कर दिखाया कि दुनिया हैरान रह गई। उन्होंने लगभग 29 मिनट 3 सेकेंड तक बिना सांस लिए पानी में रहकर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। यह रिकॉर्ड 14 जून 2024 को दर्ज हुआ और इसे इतिहास का सबसे लंबा रोका गया सांस (Longest Voluntary Breath) माना गया। इससे पहले का रिकॉर्ड करीब 5 मिनट कम था।
डॉल्फिन और सील को भी पीछे छोड़ा
मारीचिच का यह कारनामा सिर्फ इंसानों के लिए नहीं, बल्कि जानवरों के लिए भी हैरान करने वाला है। डॉल्फिन औसतन 15 मिनट तक सांस रोक सकती है, वहीं सील भी लंबे समय तक बिना सांस लिए रह सकती है। लेकिन मारीचिच ने इन दोनों से भी दोगुना समय तक पानी में रहकर नया रिकॉर्ड बनाया।
इंसान और जानवर की क्षमता में फर्क
विशेषज्ञों के अनुसार, मछलियां, डॉल्फिन और सील जैसी प्रजातियां जब सांस लेती हैं तो अपने फेफड़ों का लगभग 90% हिस्सा भर लेती हैं। इसके विपरीत इंसानों में यह क्षमता केवल 20% है। यही कारण है कि इंसान को बार-बार सांस लेनी पड़ती है और सामान्य तौर पर ज्यादा देर तक हवा रोकना संभव नहीं हो पाता।
ऑक्सीजन की खास तैयारी
अब सवाल है कि मारीचिच ने यह कमाल कैसे किया। दरअसल, रिकॉर्ड बनाने से पहले उन्होंने पूरे 10 मिनट तक प्योर ऑक्सीजन खींची। इससे उनके खून में ऑक्सीजन का स्टॉक कई गुना बढ़ गया। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि उस समय उनकी बॉडी में सामान्य से लगभग 5 गुना ज्यादा ऑक्सीजन मौजूद थी। यही अतिरिक्त ऑक्सीजन धीरे-धीरे शरीर को मिलती रही और इसी कारण वह 29 मिनट तक पानी में टिके रहे।
नॉर्मल हवा में भी अव्वल
मारीचिच की ताकत सिर्फ प्योर ऑक्सीजन तक सीमित नहीं है। अगर वह साधारण हवा में भी सांस रोकें तो लगभग 10 मिनट 8 सेकेंड तक रुक सकते हैं। जहां आम इंसान 1 मिनट में ही घबराने लगता है, वहां यह उपलब्धि चौंकाने वाली है।
दूसरा बड़ा खिलाड़ी
इस खेल में एक और दिग्गज हैं ब्रांको पेत्रोविक। सर्बिया के इस खिलाड़ी ने 2014 में बिना किसी मदद के 11 मिनट 35 सेकेंड तक सांस रोकी थी। यह रिकॉर्ड आज भी कायम है। माना जा रहा है कि मारीचिच की अगली कोशिश इसी रिकॉर्ड को तोड़ने की होगी।