अब इस रूट पर ट्रेनें दौड़ेंगी 160 किमी/घंटा,
400 किमी का सफर होगा तेज और आरामदायक
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Indian Railway: रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी दी है। जल्द ही वंदे भारत, शताब्दी और राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनें 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेंगी। दिसंबर या जनवरी से इन ट्रेनों के नए स्टॉपेज भी जोड़े जा सकते हैं। पहले चरण में दिल्ली से आगरा के बीच ही इनकी अधिकतम रफ्तार 160 किमी प्रति घंटा थी, लेकिन अब आगरा से झांसी के बीच भी ये तेज चलेंगी। रेलवे का कहना है कि इससे यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा और सुविधाजनक होगी।
दिसंबर तक 24 ट्रेनें 160 किमी घंटा की रफ्तार से दौड़ेंगी रेलवे के अनुसार, इस साल के अंत तक आगरा से झांसी के बीच करीब 24 ट्रेनों को तेज रफ्तार से चलाया जाएगा। इनमें वंदे भारत, शताब्दी और राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनें शामिल हैं। फिलहाल यह ट्रेनें केवल दिल्ली से आगरा तक 160 किमी घंटा की रफ्तार से दौड़ती हैं। दिल्ली से झांसी की दूरी 403 किलोमीटर है और अब यात्रियों को इस मार्ग पर भी तेज और आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा।
वंदे भारत ट्रेन में देरी कम हुई वर्तमान में देशभर में 150 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। ताजा अध्ययन में पाया गया कि 2020-21 में वंदे भारत की औसत गति 84.48 किमी घंटा थी, जो 2023-24 में घटकर 76.25 किमी घंटा हो गई। हालांकि, राष्ट्रीय समय पालन में सुधार हुआ है। 2023 में वंदे भारत ट्रेन औसतन 20 मिनट की देरी से गंतव्य पहुंचती थी, जो 2024 में घटकर 18 मिनट हो गई है।
शताब्दी और राजधानी एक्सप्रेस में भी विलंब कम रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, शताब्दी एक्सप्रेस में औसतन 10 मिनट की देरी होती है, जबकि राजधानी एक्सप्रेस में यह 15 मिनट है। वंदे भारत ट्रेन अधिकतर स्टेशनों पर सिर्फ 8 मिनट की देरी से पहुंचती है। यह मीडियन विलंब है, जो इसे प्रीमियम ट्रेनों में सबसे विश्वसनीय बनाता है।