भारत-पाकिस्तान सीजफायर पर ट्रंप ने 6ठीं बार बदला बयान,
मोदी को बताया महान शख्स
1 months ago
Written By: NEWS DESK
PM Modi Great Man: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत-पाकिस्तान सीजफायर को लेकर एक बार फिर अपना बयान बदला है। उन्होंने बुधवार को एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में बढ़े तनाव को सुलझाया है। ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने यह विवाद "बिजनेस के जरिए" हल किया है। इस दौरान ट्रम्प ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को महान शख्स कहकर भी संबोधित किया।
रामफोसा के साथ बैठक में दिया बयान
दरअसल, यह बयान ट्रम्प ने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के साथ व्हाइट हाउस में एक बैठक के दौरान दिया। इस दौरान ट्रम्प ने कहा, "भारत और पाकिस्तान के बीच हमले खतरनाक और बदतर होते जा रहे थे। किसी न किसी को इसमें हस्तक्षेप करना था। हमने उनसे बात की।"
"मोदी महान शख्स"
अपनी भूमिका का दावा करते हुए ट्रम्प ने आगे कहा, "मैंने दोनों देशों से पूछा कि आप लोग क्या कर रहे हैं? पाकिस्तान में कुछ बेहतरीन और महान नेता हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरे अच्छे दोस्त हैं।" इस पर दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामफोसा ने कहा, "कॉमन फ्रेंड, मोदी हमारे भी दोस्त हैं।" ट्रम्प ने जवाब में कहा, "वह (मोदी) एक महान शख्स हैं।"
ट्रम्प ने दी थी सीजफायर की जानकारी
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच 10 मई को सीजफायर हुआ था। इस सीजफायर की जानकारी सबसे पहले ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर दी थी। इसके बाद से उन्होंने कई बार कहा कि उन्होंने दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने में अहम भूमिका निभाई है। हालांकि, 15 मई को उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने दोनों देशों के बीच कोई सीधी मध्यस्थता नहीं की, बल्कि केवल मदद की है।
अंतरराष्ट्रीय गलियारों में चर्चाएं
डोनाल्ड ट्रम्प के लगातार बदलते बयानों और इस दावे पर अंतरराष्ट्रीय हलकों में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। हालांकि वह लगातार यह कहते आ रहे हैं कि अमेरिका, भारत और पाकिस्तान – तीनों के बीच एक बड़ा सौदा हो रहा है, जो क्षेत्रीय शांति में मदद कर सकता है।