ट्रंप का बड़ा दावा… पीएम मोदी ने दिया भरोसा,
भारत रूस से तेल खरीदना करेगा बंद
12 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Donald Trump India Buying Russian Oil: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। बुधवार को व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वे इस बात से खुश नहीं थे कि भारत लगातार रूस से सस्ता तेल खरीद रहा था। ट्रंप के मुताबिक, पीएम मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि भारत इस खरीद को रोक देगा। अगर यह सच होता है तो यह फैसला वैश्विक ऊर्जा राजनीति में एक बड़ा बदलाव ला सकता है।
ट्रंप बोले – भारत ने वादा किया, अब बारी चीन की ट्रंप ने कहा, मैं खुश नहीं था कि भारत रूस से तेल खरीद रहा था। उन्होंने (मोदी) ने आज मुझे भरोसा दिलाया है कि वे अब रूस से तेल नहीं खरीदेंगे। यह एक बड़ा कदम है। अब हम चीन से भी यही करवाने जा रहे हैं। ट्रंप ने इस कदम को रूस को आर्थिक रूप से अलग-थलग करने की दिशा में एक अहम कदम बताया। हालांकि, अमेरिका में भारतीय दूतावास ने इस बयान पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसलिए फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि प्रधानमंत्री मोदी ने वाकई ट्रंप से ऐसा कोई वादा किया है या नहीं।
रूस को कमजोर करने की कोशिश, भारत की अहम भूमिका अमेरिका लंबे समय से रूस और यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए रूस की आय पर प्रहार करने की कोशिश कर रहा है। तेल रूस की सबसे बड़ी कमाई का जरिया है। ऐसे में अगर भारत, जो कि रूस से सबसे ज्यादा तेल खरीदने वाला देश है, यह कदम उठाता है तो यह रूस की अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर डाल सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत का यह फैसला बाकी देशों को भी प्रभावित कर सकता है।
भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव बरकरार अमेरिका और भारत के बीच इस समय रिश्ते तनावपूर्ण दौर में हैं। ट्रंप प्रशासन ने भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया हुआ है, जिसमें 25 प्रतिशत टैरिफ खास तौर पर रूस से तेल खरीदने की वजह से लगाय गया है। भारत की नाराजगी इस बात को लेकर है कि रूस से तेल खरीदने वाले दूसरे बड़े देश, जैसे चीन और तुर्किये, पर अमेरिका ने कोई टैरिफ नहीं लगाया। ट्रंप ने कहा कि भारत तुरंत यह कदम नहीं उठा सकता क्योंकि यह एक प्रक्रिया है, लेकिन यह प्रक्रिया जल्द पूरी हो जाएगी।