थाईलैंड की एयर स्ट्राइक से हिला कंबोडिया, ट्रंप का सीजफायर फेल…
45 दिन पहले हुआ शांति समझौता ध्वस्त
7 days ago Written By: Ashwani Tiwari
थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा पर एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। सोमवार सुबह दोनों देशों के बीच हुई ताज़ा झड़प ने सीजफायर को बड़ा झटका दिया है। जानकारी के अनुसार, थाईलैंड ने कंबोडियाई सैन्य ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की है, जिसे कंबोडिया ने स्पष्ट रूप से सीजफायर उल्लंघन बताया है। इससे पहले अक्टूबर में मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में युद्ध विराम हुआ था। लेकिन अब एक बार फिर दोनों देशों के बीच पुराने सीमा विवाद ने हिंसा को जन्म दे दिया है। इस घटना ने उन लाखों लोगों की चिंता बढ़ा दी है, जो पिछले महीनों में संघर्ष से प्रभावित हुए थे।
थाई सैनिक की मौत के बाद एयर स्ट्राइक, तनाव बढ़ा थाई सेना के अनुसार, कंबोडिया की ओर से सोमवार सुबह किए गए हमले में एक थाई सैनिक मारा गया और दो घायल हुए। पूर्वी प्रांत उबोन रत्चाथानी में दो क्षेत्रों में तनाव बढ़ा और इसी के जवाब में थाई एयर फोर्स ने कंबोडियाई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। सेना ने दावा किया कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई।
कंबोडिया ने थाई हमले की पुष्टि की, जवाब न देने की बात कही कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की कि सुबह 5:04 बजे प्रेह विहियर प्रांत के अन सेस क्षेत्र पर थाईलैंड ने एयर स्ट्राइक की। मंत्रालय ने इसे अमानवीय और बर्बर कार्रवाई बताया और कहा कि यह 26 अक्टूबर के सीजफायर समझौते का उल्लंघन है। कंबोडिया ने यह भी कहा कि उसने कोई पलटवार नहीं किया है और क्षेत्र में तनाव कम करने की अपील की।
दोनों देशों के आरोप–प्रत्यारोप जारी थाई सेना का दावा है कि कंबोडिया ने सुबह 3 बजे थाई सीमा पर हमला शुरू किया। वहीं कंबोडियाई सेना का कहना है कि सबसे पहले थाईलैंड ने ही 5:04 बजे हमला किया। इस बयानबाज़ी ने यह साफ कर दिया है कि दोनों देश एक-दूसरे पर युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं।
सीमा विवाद की जड़ और जुलाई की हिंसा दोनों देशों के बीच सदियों पुराना सीमा विवाद है, जिसकी जड़ फ्रांस के उपनिवेशकाल में बनाए गए नक्शों से जुड़ी है। मंदिरों और सीमांकन पर विवाद वर्षों से तनाव बढ़ाता रहा है। जुलाई 2025 में इसी विवाद के चलते रॉकेट हमले हुए थे, जिनमें 48 लोगों की मौत हुई और लगभग 3 लाख लोग विस्थापित हो गए थे।