दुनिया घूमी भारतीय ट्रैवलर, लेकिन भारत को बताया सबसे असुरक्षित,
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Viral News: आजकल युवाओं में अकेले यात्रा करने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। खासकर महिलाएं अब सोलो ट्रैवल को नए अनुभव और आत्मनिर्भरता से जोड़कर देखती हैं। इस दौरान उन्हें नई संस्कृतियों और जगहों को जानने का मौका मिलता है। लेकिन इस यात्रा का सबसे अहम पहलू है सुरक्षा। हाल ही में इसी मुद्दे पर एक भारतीय ट्रैवल इन्फ्लुएंसर का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्होंने कई देशों को महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से रेटिंग दी है, जिसमें भारत को सबसे नीचे रखा गया है।
भारत को दिया सबसे खराब रेटिंग
यह वीडियो ट्रैवल इन्फ्लुएंसर तन्वी दीक्षित ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @tanwidixit पर शेयर किया है। वायरल रील में तन्वी ने बताया कि किन देशों में उन्हें सोलो ट्रैवल के दौरान सुरक्षित महसूस हुआ। उन्होंने वियतनाम और थाईलैंड को 10 में से 9 अंक दिए और दोनों को सबसे सुरक्षित देशों की लिस्ट में रखा। वहीं भूटान और नेपाल को भी महिलाओं के लिए बेहतर माना। लेकिन भारत और इंडोनेशिया को उन्होंने सबसे खराब देशों में रखा। भारत को उन्होंने सिर्फ 2 अंक दिए। तन्वी ने कहा, “मेरा दिल टूटता है यह कहते हुए कि मेरे अनुभव में भारत सोलो ट्रैवलर महिलाओं के लिए सबसे कम सुरक्षित है। उम्मीद है कि हालात जल्द बदलेंगे।
सुरक्षा के अनुभव से जुड़ा उनका कहना
तन्वी ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा कि एक महिला सोलो ट्रैवलर को हर वक्त ‘सिक्युरिटी फर्स्ट’ के नजरिए से सोचना पड़ता है। चाहे वह बस और ट्रेन में सफर करना हो, हॉस्टल में ठहरना हो या नाइटक्लब में पार्टी करना। उन्होंने साफ कहा कि उनकी रेटिंग उनके निजी अनुभव पर आधारित है।
सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
तन्वी के इस वीडियो पर करीब 2 लाख व्यूज आए और कमेंट्स की बाढ़ लग गई। कई लोगों ने उनकी बात से सहमति जताई। एक महिला ने लिखा, एक भारतीय महिला होने के नाते हम समझते हैं कि आप क्या कहना चाहती हैं। हम भी अपने ही देश में असुरक्षित महसूस करते हैं। वहीं कई लोगों ने उनकी राय को गलत ठहराया। कुछ ने कहा कि भारत इतना असुरक्षित नहीं है और यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप कहां यात्रा कर रहे हैं। एक यूजर ने मुंबई को लंदन से भी ज्यादा सुरक्षित बताया। उन्होंने लिखा, मैं लंदन में पली-बढ़ी हूं, लेकिन अब 12 साल से मुंबई में हूं। यह अब तक की सबसे सुरक्षित जगह है।