450 मैच, 41 शतक… अब मां के देश से खेलेगा ये दिग्गज,
4 साल बाद तोड़ा संन्यास
5 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Ross Taylor: न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रॉस टेलर ने 4 साल बाद क्रिकेट मैदान पर वापसी का ऐलान किया है। हालांकि इस बार वह अपने देश न्यूजीलैंड से नहीं, बल्कि अपनी मां के देश समोआ से खेलते नजर आएंगे। टेलर ने यह जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की और इसे अपने जीवन का खास पल बताया। वह अक्टूबर 2025 में ओमान में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप एशिया-प्रशांत क्वालीफायर में समोआ की ओर से डेब्यू करेंगे।
मां के देश से खेलने का फैसला
41 साल के रॉस टेलर ने बताया कि यह वापसी सिर्फ क्रिकेट के लिए नहीं है बल्कि अपनी संस्कृति, विरासत और परिवार का प्रतिनिधित्व करने का बड़ा मौका है। उन्होंने कहा कि वह समोआ की नीली जर्सी पहनने पर गर्व महसूस कर रहे हैं और टीम के साथ अपने अनुभव साझा करने को उत्साहित हैं।
न्यूजीलैंड के लिए शानदार करियर
रॉस टेलर ने न्यूजीलैंड के लिए सभी फॉर्मेट मिलाकर कुल 450 मैच खेले। इसमें 112 टेस्ट मैच शामिल हैं। उन्होंने 41 अंतरराष्ट्रीय शतक भी जड़े। टेलर ने आखिरी बार 2022 की शुरुआत में न्यूजीलैंड के लिए खेला था। इसके बाद अप्रैल 2025 में वह समोआ के लिए खेलने के पात्र हो गए।
अक्टूबर में होगी पहली चुनौती
रॉस टेलर समोआ की टीम के साथ इस साल अक्टूबर में क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में उतरेंगे। इसमें समोआ, मेजबान ओमान और पापुआ न्यू गिनी एक ही ग्रुप में हैं। तीन ग्रुप से प्रत्येक की दो-दो टीमें सुपर सिक्स में पहुंचेंगी। वहीं, सुपर सिक्स से शीर्ष तीन टीमें 2026 टी20 वर्ल्ड कप में जगह बनाएंगी।
ये भी पढ़ें... आखिर कौन सा देश है समोआ, जिसके लिए रॉस टेलर ने तोड़ा संन्यास, जानें इसके पीछे की कहानी
2026 विश्व कप भारत और श्रीलंका में
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका में होगा। अगर समोआ टेलर के साथ अच्छा प्रदर्शन करता है तो यह उनके करियर की सबसे बड़ी वापसी साबित हो सकती है। टेलर ने यह भी कहा कि वह हमेशा खेल को कुछ लौटाना चाहते थे और अब उन्हें इसका मौका मिल रहा है।