राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के उत्तराखंड दौरे की बड़ी झलकियां,
3 दिन के प्रवास में देंगी कई सौगातें, मनाएंगी जन्मदिन
1 months ago
Written By: NEWS DESK
देहरादून: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 जून से 21 जून तक उत्तराखंड दौरे पर रहेंगी। यह पहला अवसर होगा जब कोई राष्ट्रपति तीन दिन तक उत्तराखंड में प्रवास करेगा। इस दौरान राष्ट्रपति देहरादून के साथ-साथ नैनीताल भी जाएंगी और कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। सबसे खास बात यह है कि राष्ट्रपति मुर्मू अपना जन्मदिन भी यहीं उत्तराखंड की धरती पर मनाएंगी।
अब आम जनता के लिए खुला होगा राष्ट्रपति आशियाना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 जून को राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति आशियाना को आम जनता के लिए खोलने का ऐतिहासिक निर्णय लेंगी। अभी तक इस स्थान पर आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित था। अब राष्ट्रपति के इस कदम से लोग इस खूबसूरत जगह की सैर कर सकेंगे। आशियाना को पर्यटन स्थल के तौर पर भी विकसित किया जाएगा।
जन्मदिन पर उत्तराखंड को मिलेंगी ये सौगातें
20 जून को अपने जन्मदिन के मौके पर राष्ट्रपति मुर्मू उत्तराखंड को कई तोहफे देंगी। वे तपोवन का उद्घाटन करेंगी और साथ ही राष्ट्रपति उद्यान का शिलान्यास करेंगी। इस दिन वे राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान का भी दौरा करेंगी।
डाक टिकट जारी करेंगी
20 जून को ही नैनीताल स्थित राजभवन के 125 वर्ष पूर्ण होने पर राष्ट्रपति एक स्मारक डाक टिकट भी जारी करेंगी। यह उत्तराखंड के ऐतिहासिक धरोहर को सम्मान देने का प्रतीक होगा।
योग दिवस में होंगी शामिल
21 जून को राष्ट्रपति अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी। इसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। देहरादून पुलिस ने ट्रैफिक और सुरक्षा के मद्देनजर कई वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष योजना बनाई गई है।