2014 से पहले अंधेरे में था देश, कांग्रेस ने रोकी थी रोशनी…
राजस्थान में गरजे PM मोदी
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
PM Modi in Banswara: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के बांसवाड़ा में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज बिजली क्षेत्र में भारत के सामर्थ्य का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश अब बिजली की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और इसमें हर राज्य की बराबर भागीदारी है।
स्वच्छ ऊर्जा ही है भविष्य पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी देश के विकास के लिए बिजली उत्पादन सबसे अहम है। 21वीं सदी में वही देश आगे बढ़ेंगे जो स्वच्छ ऊर्जा को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार स्वच्छ ऊर्जा को जनआंदोलन का रूप देकर आगे बढ़ा रही है, ताकि देश तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सके।
2014 से पहले बिजली संकट की याद दिलाई प्रधानमंत्री ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले घंटों तक बिजली गायब रहती थी। उस समय 2.5 करोड़ घर ऐसे थे, जहां बिजली का कनेक्शन तक नहीं था। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद उनकी सरकार ने संकल्प लिया और देश के हर गांव तक बिजली पहुंचाई। लाखों परिवारों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिए गए, जिससे लोगों की जिंदगी आसान हुई और नए उद्योग शुरू हो सके।
कांग्रेस पर जमकर बरसे मोदी अपने संबोधन में पीएम मोदी ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार और अपराध बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में राज्य पेपर लीक का अड्डा बन गया था। जल जीवन मिशन भ्रष्टाचार का शिकार हो गया और महिलाओं पर अत्याचार चरम पर थे। बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ जैसे क्षेत्रों में अपराध और अवैध शराब का कारोबार पनप गया। बीजेपी सरकार आने के बाद कानून व्यवस्था सुधरी और विकास कार्यों में तेजी आई।
GST और स्वदेशी पर जोर पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरा देश GST उत्सव मना रहा है। 2017 में लागू किए गए GST ने लोगों को टैक्स और टोल के जंजाल से मुक्ति दिलाई और रोजमर्रा की चीजें सस्ती हुईं। उन्होंने स्वदेशी पर बल देते हुए कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाना है और इसके लिए जरूरी है कि हम वही सामान खरीदें जिसमें अपनी मिट्टी की खुशबू हो।