टीवी और फिल्मों के दिग्गज पंकज धीर का निधन,
कर्ण बनकर घर-घर में बने थे मशहूर
13 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Pankaj Dheer Death: मनोरंजन जगत से 14 अक्टूबर की देर रात एक बेहद दुखद खबर आई। टीवी और फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी के लिए प्रसिद्ध अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया। 68 साल के पंकज धीर लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता बीआर चोपड़ा की ऐतिहासिक टीवी सीरीज ‘महाभारत’ में निभाए गए कर्ण के किरदार से मिली, जिससे वे देशभर में घर-घर में पहचाने जाने लगे। उनके अचानक निधन से फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।
महाभारत के कर्ण के रूप में अमर हुए पंकज धीर पंकज धीर को उनके शानदार अभिनय और दमदार आवाज के लिए जाना जाता था। 1988 में प्रसारित हुई धारावाहिक महाभारत में कर्ण का उनका किरदार दर्शकों के दिलों में अमर हो गया। उनके इस रोल ने उन्हें ना केवल पहचान दिलाई, बल्कि देश के कई हिस्सों में उनकी मूर्तियों की पूजा तक की जाने लगी। इसके अलावा उन्होंने सड़क, सोल्जर और बादशाह जैसी फिल्मों में भी काम किया और टीवी पर लगातार सक्रिय रहे।
परिवार और अंतिम संस्कार जानकारी के अनुसार, पंकज धीर का पार्थिव शरीर 15 अक्टूबर को मुंबई के विले पार्ले स्थित पवनहंस श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा। उनके परिवार और करीबी दोस्त, साथ ही सिनेमा जगत के कई बड़े सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए उपस्थित रहेंगे। उनके जाने से भारतीय टेलीविजन का एक युग खत्म हुआ है। दर्शक और फैंस उन्हें हमेशा दानवीर कर्ण के रूप में याद रखेंगे।
बेटे और बहू भी हैं एक्टिंग जगत से जुड़े
पंकज धीर के बेटे निकितन धीर भी बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता हैं। उन्होंने जोधा अकबर और चेन्नई एक्सप्रेस जैसी फिल्मों में काम किया है। पंकज धीर की बहू कृतिका सेंगर भी टीवी इंडस्ट्री की अभिनेत्री हैं। यह रिश्ता पंकज धीर ने अपनी फिल्म की ऑडिशन के दौरान तय किया था।