दिवाली के बाद पाकिस्तान में भी छाई धुंध, लाहौर बना दुनिया का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर,
भारत को ठहराया जिम्मेदार
6 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Pakistan News: 20 अक्टूबर को भारत में दीपावली का त्योहार पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। देशभर में पटाखों की आतिशबाजी से रात रोशनी से भर गई, लेकिन इसके बाद प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा। वहीं, सीमा पार पाकिस्तान में भी इसका असर देखने को मिला। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत, खासकर लाहौर के आसमान में भी धुंध छा गई। हवा की गुणवत्ता लगातार गिरती चली गई।
पाकिस्तान ने कहा - भारत से आ रहा है धुआं पाकिस्तान की पर्यावरण एजेंसियों और मंत्री मरियम औरंगजेब ने इस बढ़ते प्रदूषण के लिए भारत को जिम्मेदार बताया। उनका कहना है कि भारत की तरफ से जो धुआं उठ रहा है, वह पाकिस्तान की ओर आ रहा है और हवा की रफ्तार कम होने की वजह से यह धुंध और बढ़ रही है। उन्होंने कहा, पहले भी भारत की ओर से धुआं आता था, लेकिन दिवाली के बाद यह और ज्यादा हो गया है। पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, भारत से पाकिस्तान की ओर बहने वाली हवाएं लगातार प्रदूषण को लाहौर तक पहुंचा रही हैं। पंजाब पर्यावरण संरक्षण विभाग (Punjab Environmental Protection Department) ने बताया कि इस कारण हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं।
लाहौर का AQI 266, दिल्ली के बाद दुनिया का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर 21 अक्टूबर की सुबह लाहौर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 266 दर्ज किया गया। यानी लाहौर उस दिन नई दिल्ली के बाद दुनिया का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया। नई दिल्ली में उस दिन AQI 300 से ऊपर चला गया था, जिससे शहर घने कोहरे और धुएं की चादर में लिपटा रहा।
मरियम नवाज सरकार ने उठाए इमरजेंसी कदम प्रदूषण से बिगड़ते हालातों को देखते हुए पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने कई आपात कदम उठाए हैं। लाहौर की मुख्य सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर एंटी-स्मॉग गन लगाई गई हैं। इसके अलावा सरकार ने एंटी-स्मॉग दल बनाया है जो प्रदूषण फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। मंत्री मरियम औरंगजेब ने कहा कि यह सीमा पार से आने वाली पर्यावरणीय चुनौती है। उन्होंने लोगों से लोकल स्तर पर उत्सर्जन (emission) कम करने की अपील की। अपने X पोस्ट में उन्होंने लिखा, अमृतसर, लुधियाना और हरियाणा से आने वाली हवाएं लाहौर की हवा में प्रदूषण बढ़ा रही हैं। लाहौर का AQI 210 से 230 के बीच रहेगा।
83 लोग गिरफ्तार, ट्रैफिक और फैक्ट्रियों पर सख्ती मरियम औरंगजेब ने खुले क्षेत्रों में निर्माण सामग्री को ढकने और प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक को सीमित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही धुआं छोड़ने वाले वाहनों पर जुर्माना या जब्ती की कार्रवाई होगी। इस बीच, लाहौर पुलिस ने धुंध-विरोधी अभियान चलाकर 83 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर कारखानों से धुआं छोड़ने और कचरा जलाने के आरोप हैं।