नेहा सिंह राठौर पर देशद्रोह का केस, अयोध्या कोर्ट ने स्वीकार की याचिका,
अगली सुनवाई की तारीख तय
2 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Neha Singh Rathore : लोकगायिका और सोशल मीडिया पर सक्रिय नेहा सिंह राठौर एक बार फिर विवादों में हैं। पहले लखनऊ और अब अयोध्या की अदालत में उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दाखिल हुआ है। यह याचिका अयोध्या के ब्लॉक प्रमुख संघ के जिला अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह ने वरिष्ठ वकील मार्तंड प्रताप सिंह के ज़रिए दाखिल की है। कोर्ट ने याचिका स्वीकार कर ली है और अगली सुनवाई की तारीख तय कर दी गई है।
क्या हैं आरोप
नेहा पर आरोप है कि उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि यह हमला जानबूझकर कराया गया ताकि बिहार चुनाव में फायदा मिल सके।
राष्ट्रविरोधी ताकतों को फायदा
वरिष्ठ अधिवक्ता मार्तंड प्रताप सिंह का कहना है कि नेहा की यह टिप्पणी सस्ती लोकप्रियता पाने की कोशिश है। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने नेहा की पोस्ट शेयर की। इससे यह साबित होता है कि नेहा की बातों से राष्ट्रविरोधी ताकतों को फायदा मिल रहा है।
भाजपा विधायक ने जताई नाराज़गी
गाजियाबाद से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने भी नेहा पर नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा कि गायक होना ठीक था लेकिन अब नेहा सरकार और सेना पर सवाल उठा रही हैं। उन्होंने कहा पाकिस्तान का बचाव करना राष्ट्रद्रोह है।
क्या बोलीं नेहा
नेहा ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए। एक पोस्ट में लिखा हमले से किसे फायदा होगा सोचिए, एक वीडियो में उन्होंने कहा दूसरे देशों में युद्ध रुकवाने वाले हमारे नेता अपने देश में हमला नहीं रोक पाए।
सोशल मीडिया पर बहस जारी
नेहा के बयानों पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग अभिव्यक्ति की आज़ादी की बात कर रहे हैं तो कुछ इसे राष्ट्रद्रोह मान रहे हैं। बता दें कि कोर्ट में अब इस मामले की गंभीरता से सुनवाई होगी।