नीरज चोपड़ा को मिला बड़ा सम्मान,
टेरिटोरियल आर्मी में बने ऑनरेरी लेफ्टिनेंट कर्नल
6 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Neeraj Chopra: भारत के गोल्डन बॉय और जेवलिन थ्रो स्टार नीरज चोपड़ा को देश के लिए किए गए शानदार योगदान के लिए एक और बड़ा सम्मान मिला है। उन्हें भारतीय सेना की टेरिटोरियल आर्मी में ऑनरेरी लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी ने दिल्ली में आयोजित समारोह में नीरज को सितारे लगाकर यह सम्मान दिया। इससे पहले नीरज सेना में सूबेदार मेजर के पद पर थे।
नीरज चोपड़ा बने लेफ्टिनेंट कर्नल नीरज चोपड़ा को यह मानद उपाधि 14 मई 2025 को दी गई, जो 16 अप्रैल 2025 से प्रभावी मानी जाएगी। नीरज 2016 से भारतीय सेना से जुड़े हुए हैं और 9 सालों से देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने इसी साल मई में सूबेदार मेजर के पद से इस्तीफा दिया था। दरअसल, राष्ट्रपति की ओर से उन्हें लेफ्टिनेंट कर्नल की ऑनररी रैंक देने की नोटिफिकेशन जारी की गई थी, और सेना के नियमों के अनुसार एक साथ दो पद नहीं रखे जा सकते।
सेना में शानदार सफर नीरज ने 26 अगस्त 2016 को नायब सूबेदार के रूप में सेना जॉइन की थी। इसके बाद 2021 में उन्हें सूबेदार, और 2022 में सूबेदार मेजर बनाया गया था। उनकी खेल उपलब्धियों को देखते हुए भारतीय सेना ने उन्हें यह खास सम्मान दिया है। नीरज से पहले कई नामी खिलाड़ी जैसे महेंद्र सिंह धोनी और कपिल देव को भी टेरिटोरियल आर्मी में ऑनरेरी रैंक मिल चुकी है।
परिवार में खुशी का माहौल दिल्ली में हुए समारोह में नीरज के साथ उनके पिता सतीश चोपड़ा, मां सरोज देवी, पत्नी हिमानी, और चाचा भीम चोपड़ा मौजूद रहे। परिवार के चेहरों पर गर्व और खुशी झलक रही थी। नीरज ने इस मौके पर कहा कि यह सम्मान न सिर्फ उनका बल्कि पूरे देश के खिलाड़ियों का है।
नीरज की हालिया उपलब्धियां नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक 2021 में गोल्ड और पेरिस ओलंपिक 2024 में सिल्वर मेडल जीतकर भारत का सिर गर्व से ऊंचा किया था। उन्हें अर्जुन पुरस्कार और खेल रत्न पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है। हालांकि, हाल ही में हुई वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में वह फाइनल में केवल 84.03 मीटर तक थ्रो कर पाए और टॉप-6 में जगह नहीं बना सके।