क्या होता है नागमणि का रहस्य,
बिहार के स्कूल में मिली चमकीली चीज नागमणि थी !
2 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Snake Naagmani In Bihar: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज स्थित एक स्कूल में अचानक उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां एक चमकदार, प्लास्टिक जैसी चीज मिली। कहा जा रहा है कि यह एक सांप द्वारा छोड़ी गई वस्तु है और कुछ लोग इसे नागमणि मानने लगे हैं। बताया जा रहा है कि यह चीज विषैले गेहूमन प्रजाति के सांप की बताई जा रही है। इस खबर के फैलते ही आसपास के इलाके में तरह-तरह की अफवाहें फैल गईं और लोग इसे लेकर तरह-तरह की मान्यताओं में उलझ गए।
नागमणि लोककथा और वैज्ञानिक सच्चाई
भारतीय पौराणिक कथाओं और लोककथाओं में नागमणि को रहस्यमय और चमत्कारी माना जाता है। माना जाता है कि यह रत्न सांप के सिर पर होता है, जो उसे अलौकिक शक्तियां देता है। लेकिन वैज्ञानिक नजरिए से ऐसी किसी भी चीज़ का अब तक कोई प्रमाण नहीं मिला है। विशेषज्ञों का कहना है कि सांपों में किसी भी प्रकार की मणि उत्पन्न करने की जैविक क्षमता नहीं होती।
क्या होती हैं सांपों के शरीर से निकलने वाली चमकदार चीजें
सांपों के सिर या शरीर पर कभी-कभी चमकदार शल्क (स्केल्स) होते हैं, जो रौशनी में क्रिस्टल जैसे दिख सकते हैं। ये पूरी तरह प्राकृतिक होते हैं। कुछ सांपों के पेट में ‘कैल्सिफाइड मास’ यानी पथरी पाई जाती है, जिसे गलती से मणि मान लिया जाता है। बता दें कि सांप समय-समय पर अपनी त्वचा (केंचुली) छोड़ते हैं, जिससे चमकदार शल्क या त्वचा के टुकड़े गिरते हैं। ये टुकड़े केराटिन नामक प्रोटीन से बने होते हैं, जो नाखूनों और बालों में भी पाया जाता है। रौशनी में ये टुकड़े कांच जैसे लगते हैं, जिससे भ्रम हो जाता है।
यूरिक एसिड और बलगम भी बनते हैं भ्रम का कारण
सांप जब मूत्र त्यागते हैं, तो वो सफेद रंग के यूरिक एसिड के रूप में होता है, जो सुख कर क्रिस्टल जैसा दिखता है। इसके अलावा, सांपों की त्वचा से निकलने वाला बलगम भी सूखकर पारदर्शी या चमकदार हो सकता है, जिसे लोग मणि समझ लेते हैं।
ठगी और नकली नागमणि का खेल
बीते वर्षों में कई बार लोगों को नागमणि के नाम पर ठगा गया है। ठग प्लास्टिक या कांच की चीज को सांप के सिर पर चिपकाकर उसे नागमणि बताते हैं और करोड़ों में बेचते हैं। 2015 में IIT-BHU के वैज्ञानिकों ने एक कथित नागमणि की जांच की तो वो साधारण कैल्शियम कार्बोनेट यानी चूना पत्थर निकली। 2018 में मध्यप्रदेश में एक शख्स से इसी तरह दो करोड़ रुपये ठग लिए गए थे।