दुनिया के 195 देश घूमने वाले शख्स ने बताया,
कहां लगा सबसे ज्यादा डर और हॉरर फिल्म जैसा अनुभव
2 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Viral News: ग्रीक-अमेरिकन ग्लोबट्रॉटर माइकल ज़र्वोस ने तीन साल पहले एक बड़ा फैसला लिया और 499 दिनों में दुनिया के 195 देशों का सफर कर इतिहास रच दिया। उनका यह सफर सिर्फ पर्यटन या रिकॉर्ड बनाने के लिए नहीं था, बल्कि वे लोगों की सोच, उनके जीवन और खुशियों को समझना चाहते थे। इस यात्रा में माइकल ने सैकड़ों लोगों से पूछा, “आपकी जिंदगी का सबसे खुशहाल दिन कौन सा था?” उन्होंने हाल ही में मिरर वेबसाइट को अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान उन्हें कुछ स्थानों पर डर और असहजता का सामना करना पड़ा, वहीं कई जगहों ने उनका दिल जीत लिया।
डरावने अनुभव लाइबेरिया और गुयाना
अफ्रीकी देश लाइबेरिया में माइकल का अनुभव बेहद खराब रहा। उन्होंने एक सरकारी इमारत की फोटो खींच ली, जिसके लिए स्थानीय अधिकारियों ने पैसे की मांग की। जब माइकल ने भुगतान से इंकार किया, तो उन्हें जेल ले जाया गया। स्थानीय बाजारों में भी हजारों लोग उन्हें घूरते और असहज महसूस कराते थे। गुयाना की राजधानी जॉर्जटाउन के स्टैब्रोक मार्केट का अनुभव भी डरावना था। वहां अपराध दर बहुत ऊंची है और पर्यटकों को निशाना बनाया जाता है। माइकल ने बताया कि जैसे ही वे मार्केट में गए, एक अजनबी व्यक्ति लगातार उनका पीछा करने लगा। इस कारण उन्हें तुरंत वहां से निकलना पड़ा।
मेडागास्कर और यूरोप का सुखद अनुभव
कुछ जगहों ने माइकल का दिल भी जीत लिया। मेडागास्कर में लोगों की ईमानदारी, संस्कृति, खानपान और जैव विविधता ने उन्हें प्रभावित किया। यहां इंडोनेशियाई और भारतीय व्यंजनों का मिश्रण मिलता है, और लोग हमेशा मुस्कुराते हुए मिलते हैं। यूरोप में लिकटेंस्टाइन माइकल के लिए बड़ा सरप्राइज रहा। छोटे से इस देश ने अपनी खूबसूरती और त्योहारों के माध्यम से उन्हें बहुत भाया। वहीं माइकल की इस यात्रा ने उन्हें दुनिया की अलग-अलग संस्कृतियों, खुशियों और चुनौतियों से रूबरू कराया। उनके अनुभव साबित करते हैं कि यात्रा सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि सीखने और समझने का भी माध्यम हो सकती है।