कोलकाता में अग्निकांड: होटल में लगी भीषण आग,
14 की मौत, 22 रेस्क्यू
2 months ago
Written By: NEWS DESK
Kolkata Hotel Fire: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के फालपट्टी मछुआ इलाके में मंगलवार रात एक भीषण अग्निकांड में 14 लोगों की जान चली गई। यह आग शहर के ऋतुराज होटल में उस वक्त लगी जब रात के करीब 8:15 बजे यहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। अब तक 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि कुछ लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। वहीं इस पूरी घटना में 14 लोगों की दर्दनाक मौत की खबर भी आ रही है।
बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह
पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में चौथी मंजिल पर लगे बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। आग इतनी तेजी से फैली कि होटल में मौजूद कई लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जान बचाने के लिए कई लोग छत और खिड़कियों से कूदते नजर आए।
राजनीतिक प्रतिक्रिया भी आई सामने
इस पूरी घटना के बाद राजनैतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। हादसे पर केंद्रीय मंत्री और बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने दुख व्यक्त करते हुए राज्य प्रशासन से तत्काल राहत पहुंचाने और फायर सेफ्टी के सख्त नियम बनाने की मांग की। वहीं, पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने इसे प्रशासन की नाकामी बताया। उन्होंने कहा, "यह बेहद दुखद है कि शहर के बीचों-बीच स्थित एक होटल में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। कोलकाता नगर निगम की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।"
सवालों के घेरे में होटल की सुरक्षा व्यवस्था
इस हादसे ने शहर के अन्य होटलों की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर निगम और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कैसे एक व्यस्त इलाके में स्थित होटल में इतनी बड़ी चूक हुई।
जांच के लिए स्पेशल टीम गठित
वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए एक स्पेशल टीम का गठन किया है। हादसे के पीछे लापरवाही और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की आशंका जताई जा रही है। जिसको ध्यान में रखते हुए पुलिस हर एंगल पर जाँच कर रही है।