जावेद हबीब पर गिरफ्तारी की तलवार, बेटे अनोस के साथ 5 करोड़ की ठगी का आरोप,
संभल पुलिस कर सकती है गिरफ्तार
12 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Javed Habib: मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब और उनके बेटे अनोस हबीब के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया गया है। संभल पुलिस ने जावेद हबीब पर दर्ज करोड़ों की ठगी के मामलों में गिरफ्तारी की तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को पुलिस दिल्ली में उनके घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिले। इसके बाद अब संभल कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी कर दिया है। पुलिस ने बताया कि अब हबीब को पकड़ने के लिए टीम मुंबई भेजी जाएगी।
दिल्ली में छापा, लेकिन हाथ लगी निराशा
संभल पुलिस बुधवार को जावेद हबीब की तलाश में दिल्ली के फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित उनके घर पहुंची। पुलिस के पास सर्च वारंट था, लेकिन घर पर मौजूद उनकी बहन ने बताया कि जावेद हबीब वहां नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी भी ली, मगर हबीब और उनके बेटे का कोई सुराग नहीं मिला। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अब मुंबई में भी छापेमारी की जाएगी।
फॉलिकल ग्लोबल कंपनी से जुड़ा ठगी का मामला
पुलिस जांच के अनुसार, जावेद हबीब, उनके बेटे अनोस और एक अन्य आरोपी सैफुल पर फॉलिकल ग्लोबल कंपनी के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप है। इन लोगों ने निवेशकों को 50 से 75 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर बिटकॉइन और डिजिटल करेंसी में निवेश करवाया। संभल पुलिस ने अब तक इन पर 32 से ज्यादा मुकदमे दर्ज किए हैं, जिनकी कुल ठगी राशि लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ से बच रहे थे जावेद हबीब एसपी विश्नोई ने बताया कि जावेद हबीब और उनके बेटे को 12 अक्टूबर को पूछताछ के लिए थाने बुलायागया था, लेकिन दोनों पेश नहीं हुए। वकील की ओर से कहा गया कि हबीब खुद के खिलाफ सबूत नहीं दे सकते, जो कानूनी तौर पर गलत है। इसके बाद पुलिस ने अदालत से सर्च वारंट हासिल कर लिया।
इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचे हबीब इस बीच खबर है कि जावेद हबीब और उनके बेटे अनोस ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। दोनों ने संभल में दर्ज FIR को रद्द कराने की मांग की है। अदालत में शुक्रवार को सुनवाई होगी। पुलिस का कहना है कि अगर कोर्ट से राहत नहीं मिली तो दोनों की जल्द गिरफ्तारी तय है।