भारत-पाकिस्तान में पूर्ण युद्धविराम पर सहमति,
ट्रंप ने कर दिया ऐलान
2 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
India - Pakistan Tension: अमेरिका की मध्यस्थता से भारत और पाकिस्तान ने एक बड़ा कदम उठाया है। दोनों देशों ने तुरंत और पूरी तरह युद्धविराम करने पर सहमति जताई है। यह जानकारी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी। ट्रंप ने इसे शांति की दिशा में बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता एक लंबी रात की बातचीत के बाद हुआ। अमेरिका ने दोनों देशों के बीच बातचीत कराई। ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान दोनों को समझदारी और बुद्धिमानी दिखाने के लिए बधाई दी।
ट्रंप ने भारत-पाक युद्ध विराम की दी जानकरी
दरअसल, ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ (Truth) सोशल पर यह घोषणा की। उन्होंने लिखा कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्ध विराम पर सहमत हो गए हैं। दोनों देशों को बधाई, उन्होंने समझदारी और बुद्धिमत्ता का परिचय दिया है, धन्यवाद।
अमेरिका ने निभाई बड़ी भूमिका
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इस समझौते की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पिछले 48 घंटों में अमेरिका ने भारत और पाकिस्तान के वरिष्ठ नेताओं से बात की। इनमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ शामिल थे। इसके अलावा विदेश मंत्री एस. जयशंकर, भारतीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार असीम मलिक भी बातचीत में शामिल थे। रुबियो ने आगे कहा हमने बीते 48 घंटों में गहन बातचीत की। अब दोनों देश युद्धविराम और आगे बातचीत के लिए तैयार हैं।
आगे होगी शांति की बातचीत
वहीं दोनों देश अब एक तटस्थ स्थान पर बैठकर चर्चा करेंगे। बता दें कि यह बातचीत कई अहम मुद्दों पर होगी। अमेरिका ने दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की शांति प्रिय सोच की तारीफ की। रुबियो ने कहा प्रधानमंत्री मोदी और शरीफ ने शांति का रास्ता चुना है। यह उनके नेतृत्व की समझदारी को दिखाता है।
आम जनता में उम्मीद
इस फैसले से दोनों देशों की जनता को राहत की उम्मीद है। लंबे समय से तनाव से जूझ रहे लोग अब शांति की ओर देख रहे हैं।