PM मोदी की निगरानी में चला ऑपरेशन सिंदूर,
पीओके में 9 आतंकी ठिकाने तबाह, बौखलाया पाकिस्तान भारत को दी धमकी
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Operation Sindoor: बुधवार तड़के भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर नाम से एक बड़ा सैन्य अभियान चलाया। इसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक हमला किया गया। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई। पहलगाम हमले में 26 आम लोगों की जान गई थी। भारतीय सेना ने हमले के बाद कहा न्याय हो गया जय हिंद। बता दें कि रक्षा मंत्रालय ने साफ किया कि पाकिस्तान की किसी सैन्य जगह को निशाना नहीं बनाया गया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऑपरेशन की रातभर निगरानी की। उन्होंने पहले ही सख्त कार्रवाई का वादा किया था। ऑपरेशन के सभी लक्ष्य आतंकियों के ठिकाने थे, जिसमें आम जनता को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। भारतीय वायुसेना ने भारतीय सीमा के भीतर रहते हुए हमला किया। स्टैंडऑफ हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे दूर से ही लक्ष्य भेदा गया।
किन जगहों पर हुआ हमला
- बहावलपुर – जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय।
- मुरिदके – लश्कर-ए-तैयबा का बड़ा कैंप।
- गुलपुर – पुंछ-राजौरी सेक्टर के पास।
- सवाई – पीओके के तंगधार सेक्टर में लश्कर का अड्डा।
- बिलाल कैंप – जैश का लॉन्चपैड।
- कोटली कैंप – राजौरी के सामने।
- बर्नाला कैंप – एलओसी से 10 किमी दूर।
- सरजाल कैंप – सांबा-कठुआ सीमा के पास।
- मेहमूना कैंप – सियालकोट के पास हिजबुल का ट्रेनिंग कैंप।
भारत की स्थिति और पाकिस्तान की प्रतिक्रिया
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि पाकिस्तान आतंकियों की शरणस्थली बन चुका है। उन्होंने बताया कि पहलगाम हमले की जांच में पाकिस्तान का सीधा हाथ पाया गया है। यह हमला जम्मू-कश्मीर में शांति बिगाड़ने की कोशिश थी। पाकिस्तान ने धमकी दी है कि वह समय और स्थान खुद तय कर जवाब देगा। पाकिस्तान के ISPR प्रमुख ने कहा कि भारत का यह सुख दुख में बदलेगा।
सुरक्षा के कारण स्कूल बंद
जम्मू, सांबा, कठुआ, राजौरी और पुंछ जिलों में बुधवार को सभी स्कूल बंद रहे। राजस्थान और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में भी स्कूलों को बंद किया गया।
भारतीय सेना का बयान
कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि सभी लक्ष्य सटीक जानकारी के आधार पर चुने गए। उन्होंने कहा हमने इस तरह से हमला किया कि कोई आम नागरिक हताहत न हो।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने कहा भारत ने वहीं मारा जहां सबसे ज्यादा दर्द होता है। शरद पवार ने भी ऑपरेशन को सही ठहराया। ऑपरेशन सिंदूर ने देश को संदेश दिया आतंक के खिलाफ भारत अब और चुप नहीं रहेगा।